बिहार में चीनी उद्योग को मिलेगा नया जीवन, 9 बंद मिलें होंगी शुरू, 25 नई चीनी मिलों की तैयारी

पटना: बिहार सरकार राज्य के चीनी उद्योग को नई दिशा देने और गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को चीनी उद्योग के पुनरुद्धार, निवेश आकर्षित करने और किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

चीनी उद्योग के पुनर्जीवन पर सरकार का फोकस…

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक के दौरान गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने विभाग की योजनाओं, राज्य की चीनी मिलों की वर्तमान स्थिति, गन्ना उत्पादन और बिहार गन्ना उद्योग प्रोत्साहन नीति-2026 से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही राज्य की 9 बंद चीनी मिलों को दोबारा चालू करने और 25 नई चीनी मिलों की स्थापना की महत्वाकांक्षी योजना से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

बंद चीनी मिलों को फिर से किया जाएगा संचालित…

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः शुरू करने और नई इकाइयों की स्थापना के लिए तेजी से कार्रवाई की जाए।रैयाम, सकरी, सासामुसा, मधौरा, मोतीपुर, समस्तीपुर, चकिया, चनपटिया और मोतिहारी जैसी जगहों पर बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया।

किसानों और युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ…

मुख्यमंत्री ने कहा कि, चीनी मिलों के दोबारा शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गन्ना किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कृषि आधारित उद्योगों का विस्तार होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि, राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

चंपारण बनेगा गन्ना उत्पादन का प्रमुख हब…

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, चंपारण क्षेत्र को देश के प्रमुख गन्ना उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

निवेश और आधुनिकीकरण को मिलेगा बढ़ावा…

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार गन्ना उद्योग प्रोत्साहन नीति-2026 के तहत अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने, निवेशकों को प्रोत्साहन देने और चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, औद्योगिक विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद…

बैठक में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here