सेवा निर्यात के दम पर भारत का व्यापार 5.4% बढ़ा, वस्तु निर्यात और सेवा निर्यात के बीच अंतर हुआ कम : नीति आयोग

नई दिल्ली : वस्तु (मर्चेंडाइज) निर्यात में सुस्ती के बावजूद भारत का कुल व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4FY26) में 5.4 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज करने में सफल रहा। इसका मुख्य कारण सेवा क्षेत्र के निर्यात में तेज वृद्धि और सेवा व्यापार अधिशेष (सर्विसेज ट्रेड सरप्लस) में विस्तार रहा। यह जानकारी नीति आयोग द्वारा मंगलवार को जारी की गई ‘ट्रेड वॉच क्वार्टरली’ रिपोर्ट में सामने आई है।रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल व्यापार Q4FY26 में बढ़कर 1.84 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।

वस्तु निर्यात घटा, आयात में तेज बढ़ोतरी…

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट में बताया गया कि, वस्तु व्यापार में मिश्रित रुझान देखने को मिले। इस दौरान भारत का वस्तु निर्यात 2.8 प्रतिशत घटकर 112.03 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात 12 प्रतिशत बढ़कर 195 अरब डॉलर तक पहुंच गया। हालांकि, सेवा क्षेत्र ने इस कमी की भरपाई की। सेवा निर्यात 9 प्रतिशत बढ़कर 111 अरब डॉलर हो गया, जबकि सेवा आयात केवल 4.1 प्रतिशत बढ़कर 50.7 अरब डॉलर रहा। इसके परिणामस्वरूप भारत का सेवा व्यापार अधिशेष बढ़कर 60.4 अरब डॉलर हो गया।

सेवा क्षेत्र बना अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार…

रिपोर्ट में कहा गया है कि, सेवा निर्यात भारत के बाह्य क्षेत्र (External Sector) की स्थिरता का प्रमुख आधार बना हुआ है। पहली तिमाही में जहां सेवा व्यापार अधिशेष 47.9 अरब डॉलर था, वहीं चौथी तिमाही तक यह बढ़कर 60.4 अरब डॉलर पहुंच गया। इससे वस्तु व्यापार घाटे के प्रभाव को काफी हद तक संतुलित करने में मदद मिली। नीति आयोग के अनुसार, भारत का सेवा निर्यात तेजी से वस्तु निर्यात के बराबर पहुंच रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का सेवा निर्यात 421 अरब डॉलर रहा, जबकि वस्तु निर्यात 442 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

दुनिया का आठवां सबसे बड़ा सेवा निर्यातक बना भारत…

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में भारत दुनिया का आठवां सबसे बड़ा सेवा निर्यातक बना रहा। वैश्विक सेवा आयात 2015 के 5.1 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 2025 में 9.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया। इसी अवधि में भारत का सेवा निर्यात लगभग तीन गुना बढ़कर 156 अरब डॉलर से 416 अरब डॉलर हो गया। भारत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 10.3 प्रतिशत रही, जो वैश्विक औसत वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत से काफी अधिक है।

आईटी और टेलीकॉम सेवाओं में मजबूत हुई भारत की स्थिति…

भारत ने दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवाओं के क्षेत्र में भी अपनी वैश्विक हिस्सेदारी मजबूत की है। इस क्षेत्र में भारत की वैश्विक हिस्सेदारी 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 14.9 प्रतिशत हो गई है। साथ ही, भारत के सेवा निर्यात बाजारों में भी विविधता आई है। उत्तरी अमेरिका की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से घटकर 54 प्रतिशत रह गई, जबकि यूरोप की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से बढ़कर 33 प्रतिशत हो गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि तैयार दवाओं (Formulated Drugs) के निर्यात में भी भारत की स्थिति मजबूत हुई है। वर्ष 2015 से 2025 के बीच वैश्विक निर्यात में भारत की हिस्सेदारी 3.2 प्रतिशत से बढ़कर 4 प्रतिशत हो गई। वर्ष 2025 में भारत का कुल फार्मास्यूटिकल निर्यात 25.8 अरब डॉलर रहा, जिसमें से 22 अरब डॉलर का योगदान तैयार दवाओं का था।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here