गोल्डमैन सैक्स ने भारत की 2026 जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 6.8% किया, महंगाई और चालू खाता घाटे का अनुमान घटाया

नई दिल्ली: वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने अमेरिका-ईरान के बीच हालिया शांति समझौते और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बाद भारत के लिए वर्ष 2026 के व्यापक आर्थिक (मैक्रोइकोनॉमिक) अनुमान में सुधार किया है। बैंक ने भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाने के साथ-साथ महंगाई और चालू खाता घाटे (करंट अकाउंट डेफिसिट) के अनुमान को कम कर दिया है। ‘इंडिया: इम्प्रूव्ड मैक्रो आउटलुक आफ्टर द यूएस-ईरान डील’ शीर्षक से जारी अपनी रिपोर्ट में गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से भारतीय अर्थव्यवस्था पर संभावित जोखिम कम हुए हैं, जिसके चलते आर्थिक अनुमानों में संशोधन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 0.3 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 6.8 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, महंगाई दर का अनुमान 0.2 प्रतिशत अंक घटाकर 4.4 प्रतिशत और चालू खाता घाटा का अनुमान 0.2 प्रतिशत अंक घटाकर जीडीपी का 1.1 प्रतिशत कर दिया गया है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सहारा…

ChiniMandi WhatsApp Channel

गोल्डमैन सैक्स के अनुसार, उसकी कमोडिटी रिसर्च टीम ने वर्ष 2026 की तीसरी और चौथी तिमाही के लिए कच्चे तेल की औसत कीमत का अनुमान 92 डॉलर प्रति बैरल से घटाकर 82 डॉलर प्रति बैरल कर दिया है। वहीं, वर्ष 2027 के लिए यह अनुमान 80 डॉलर से घटाकर 75 डॉलर प्रति बैरल कर दिया गया है।रिपोर्ट में कहा गया है कि, मध्य-पूर्व में तनाव के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रही, क्योंकि सरकार के राजकोषीय और अर्द्ध-राजकोषीय उपायों ने ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर सीमित रखा।

मजबूत आर्थिक गतिविधियों से बढ़ा भरोसा…

गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि, वर्ष 2026 की पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर आर्थिक प्रदर्शन और कच्चे तेल की कीमतों में कमी ने वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ाने का आधार दिया है। पहली तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जिसे निवेश गतिविधियों और सेवा क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन का समर्थन मिला।हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईंधन की कीमतों में पहले हुई बढ़ोतरी के कारण दूसरी और तीसरी तिमाही में उपभोक्ता खर्च की रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है। लेकिन अब तेल की कीमतों में कमी आने से पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में और वृद्धि की संभावना कम हो गई है, जिससे घरेलू खर्च पर अतिरिक्त दबाव सीमित रहेगा।

उर्वरक सब्सिडी और महंगाई पर भी राहत…

रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर यूरिया की कीमतों में आई गिरावट से सरकार पर उर्वरक सब्सिडी का बोझ कम हो सकता है। साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से राजकोषीय दबाव भी घटने की संभावना है।गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि तेल की कीमतों में कमी से पेट्रोल-डीजल और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की लागत पर दबाव कम होगा, जिससे कोर महंगाई और सामान्य महंगाई दोनों में राहत मिलने की उम्मीद है।

चालू खाता घाटे में सुधार की संभावना…

रिपोर्ट में कहा गया है कि कम तेल कीमतों और विदेशों से आने वाले रेमिटेंस में वृद्धि के कारण भारत के बाहरी क्षेत्र (एक्सटर्नल सेक्टर) की स्थिति बेहतर हुई है। इसी के आधार पर चालू खाता घाटे का अनुमान घटाकर जीडीपी का 1.1 प्रतिशत कर दिया गया है। साथ ही वर्ष 2026 में भुगतान संतुलन (बैलेंस ऑफ पेमेंट्स) में जीडीपी का 0.7 प्रतिशत अधिशेष रहने का अनुमान भी जताया गया है।हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मौसम संबंधी अनिश्चितताएं और ईंधन की पूर्व कीमतों में बढ़ोतरी का असर निकट अवधि में उपभोक्ता मांग पर कुछ दबाव बना सकता है। इसके बावजूद वर्ष के आगे के महीनों में भारतीय अर्थव्यवस्था के और मजबूत होने की संभावना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here