थाईलैंड : गन्ना किसानों को सब्सिडी भुगतान में देरी की होगी जांच, प्रदर्शन के बाद उद्योग मंत्री ने दिया भरोसा

बैंकॉक: थाईलैंड के उद्योग मंत्री वरावुत सिल्पा-अर्चा ने गन्ना किसानों को दी जाने वाली सरकारी वित्तीय सहायता में हो रही देरी की जांच कराने का आश्वासन दिया है। यह सहायता उन किसानों के लिए घोषित की गई थी, जिन्होंने खेतों में आग लगाकर कटाई करने के बजाय ताजा गन्ने की कटाई (फ्रेश केन हार्वेस्टिंग) अपनाई, ताकि वायु प्रदूषण और धुंध (हैज़) को कम किया जा सके।सरकार ने योजना के तहत किसानों को प्रति टन गन्ने पर 120 बाट की प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया था। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल किसानों का कहना है कि, उन्हें अब तक यह भुगतान नहीं मिला है।

थाईलैंड शुगरकेन प्लांटर्स फेडरेशन के नेतृत्व में किसान संगठनों ने भुगतान में देरी के विरोध में उद्योग मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने केन एंड शुगर बोर्ड में किसान प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई।उद्योग मंत्री वरावुत सिल्पा-अर्चा ने प्रदर्शनकारी किसानों को भरोसा दिलाया कि, वे इस मामले को प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल के समक्ष उठाएंगे ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्री ने बताया कि, 23 जून को मंत्रिमंडल ने उद्योग मंत्रालय के लिए 477 मिलियन बाट के बजट को मंजूरी दी है। इस राशि का उपयोग उन किसानों को भुगतान करने के लिए किया जाएगा, जिन्हें अभी तक सरकारी वित्तीय सहायता नहीं मिली है। किसानों का कहना है कि, ताजा गन्ने की कटाई अपनाने से खेतों में गन्ना जलाने की घटनाएं घटकर कुल फसल का केवल 3.8 प्रतिशत रह गई हैं। इसके बावजूद समय पर भुगतान नहीं मिलने से किसानों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और कई किसानों को लग रहा है कि उनके साथ वादा खिलाफी हुई है।

इससे पहले केन एंड शुगर बोर्ड ने ताजा गन्ने की कटाई वाले क्षेत्रों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया था, ताकि सहायता राशि के पात्र किसानों का सत्यापन किया जा सके। उद्योग मंत्रालय का उद्देश्य गन्ने की पराली जलाने की घटनाओं को कम कर पीएम 2.5 प्रदूषण में कमी लाना और कार्बन उत्सर्जन को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच थाईलैंड के चीनी निर्यात को सुरक्षित रखना है। किसान संगठनों ने उद्योग मंत्रालय के स्थायी सचिव नत्तापोल रंगसिटपोल पर भी आरोप लगाया है कि उन्होंने केन एंड शुगर बोर्ड में किसान प्रतिनिधियों की नियुक्ति की प्रक्रिया को तेज करने में लापरवाही बरती है। इस बोर्ड में सरकार, किसान और चीनी मिलों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here