महराजगंज: पूर्वांचल की करीब 90 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक गणेश शुगर मिल, फरेंदा को दोबारा शुरू करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय किसानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि लगभग तीन दशकों से बंद पड़ी इस चीनी मिल के कारण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है और हजारों गन्ना किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उनका मानना है कि यदि मिल का पुनः संचालन शुरू किया जाता है तो कृषि, उद्योग, रोजगार और व्यापार को नई गति मिलेगी।
फरेंदा जिला बनाओ मंच के संयोजक डॉ. आर.एन. सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मिल के पुनर्जीवन के लिए विशेष पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि, मिल को दोबारा चालू करने के लिए नई जमीन अधिग्रहित करने या नई इकाई स्थापित करने की आवश्यकता नहीं है। मिल का मौजूदा परिसर और आधारभूत ढांचा पहले से मौजूद है। केवल आधुनिक मशीनरी, नए उपकरणों और तकनीकी उन्नयन की जरूरत है।
डॉ. सिंह के अनुसार, मिल के पास करीब 781 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिससे यह एक मजबूत औद्योगिक इकाई के रूप में विकसित हो सकती है। यदि आधुनिक तकनीक के साथ इसका संचालन शुरू किया जाए तो चीनी उत्पादन के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन की भी व्यापक संभावनाएं बनेंगी। इससे प्रदेश की एथेनॉल नीति को मजबूती मिलेगी और किसानों को अपने गन्ने का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा।

















