कानपूर : मानसून के समय पर नहीं पहुंचने से गन्ना किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है, जिससे किसानों को फसल बचाने के लिए बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही है। इसका सीधा असर खेती की लागत पर पड़ रहा है। अमृतपुर तहसील क्षेत्र में लगभग 3,200 हेक्टेयर और कायमगंज क्षेत्र में करीब 3,600 हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की खेती की गई है। सामान्य परिस्थितियों में समय पर मानसून आने पर गन्ने की फसल के लिए तीन से छह बार सिंचाई पर्याप्त होती है, लेकिन इस बार बारिश में देरी के चलते किसानों को आठ से दस बार तक सिंचाई करनी पड़ सकती है। खेतों की नमी बनाए रखने के लिए अधिकांश किसान लगभग हर सप्ताह पानी लगा रहे हैं।
भटासा गांव के किसान बृजेश गंगवार ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि, उनके पास 40 बीघा गन्ने की फसल है।एक बीघा खेत की सिंचाई में करीब एक घंटे का समय लगता है और बिजली से चलने वाले ट्यूबवेल पर लगभग 100 रुपये प्रति घंटे का खर्च आता है। चार अतिरिक्त सिंचाई करने से उन पर करीब 16 हजार रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है।कुम्हरौर गांव के किसान प्रभाकर त्रिवेदी का कहना है कि, तेज गर्मी के कारण गन्ने की बढ़वार प्रभावित हो रही है। यदि जल्द बारिश शुरू हो जाए तो फसल को काफी राहत मिल सकती है।कृषि वैज्ञानिक डॉ. महेंद्र प्रसाद राजभर के अनुसार जून और जुलाई की बारिश गन्ने की फसल के लिए सबसे अधिक लाभदायक होती है। अधिक तापमान के दौरान खेतों में नमी बनाए रखना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक बारिश नहीं होने से गन्ने की बढ़वार और उत्पादन दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।


















