फिजी: सूखे की मार से गन्ने की फसल पर संकट; किसानों ने गन्ने की नई किस्में लगाने की समयसीमा एक साल बढ़ाने की मांग की

लाबासा : लंबे समय से जारी सूखे और पानी की कमी के कारण गन्ने की फसल पर संकट मंडरा रहा है। ऐसे में लाबासा क्षेत्र के गन्ना किसानों ने सरकार से मौजूदा गन्ना किस्मों की खेती और कटाई की समयसीमा एक वर्ष बढ़ाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि सूखे के दौरान पुरानी फसल को उखाड़कर नई किस्में लगाने से उनकी फसल और आजीविका दोनों खतरे में पड़ सकती हैं।

किसान मोहम्मद सैयाज खान ने बताया कि, किसानों को सूचित किया गया है कि वर्ष 2027 के पेराई सीजन से चीनी मिलों में केवल सरकार द्वारा अनुमोदित गन्ने की किस्मों की ही पेराई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, पहले से ही गंभीर सूखे और पानी की कमी का सामना कर रहे किसानों पर इस फैसले से अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सूखे के दौरान मौजूदा रैटून (पहले से कटे गन्ने की जड़ों से दोबारा उगने वाली फसल) को उखाड़कर नई अनुमोदित किस्में लगाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मोहम्मद सैयाज खान ने कहा, “हम सरकार से विनम्र अनुरोध करते हैं कि किसानों को मौजूदा रैटून फसल की कटाई के लिए एक अतिरिक्त वर्ष दिया जाए। इससे किसान इस लंबे सूखे के दौरान पूरी फसल गंवाने का जोखिम उठाने के बजाय कुछ आमदनी प्राप्त कर सकेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि फसल की कटाई पूरी होने और मौसम की स्थिति में सुधार आने के बाद किसान अनुकूल परिस्थितियों में चरणबद्ध तरीके से अनुमोदित किस्मों की खेती शुरू कर सकते हैं। खान ने कहा कि कृषि नीतियां बनाते समय किसानों की वास्तविक समस्याओं और विशेष रूप से प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है। किसानों की आजीविका, आर्थिक सुरक्षा और चीनी उद्योग की दीर्घकालीन स्थिरता सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने चीनी उद्योग मंत्री तोमासी तुनाबुना, प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका और फिजी शुगर कॉरपोरेशन के प्रबंधन से सीकाका, वाइनिकोरो, डाकू और नाबेकावु क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।खान ने कहा, “इस चुनौतीपूर्ण जलवायु परिस्थिति में नियमों में लचीलापन देने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहे किसानों पर अतिरिक्त दबाव डालने के बजाय उनका सहयोग किया जाना चाहिए।”

मंत्री बोले- किसानों को पहले ही दी गई थी जानकारी

किसानों की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी उद्योग मंत्री तोमासी तुनाबुना ने कहा कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में लाबासा और सीकाका के दौरे के दौरान उन्हें मोहम्मद सैयाज खान की ओर से कोई औपचारिक आवेदन नहीं मिला था। इसके अलावा किसी अन्य गन्ना किसान ने भी समयसीमा बढ़ाने की मांग को लेकर शिकायत नहीं की थी।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 से गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों की पेराई बंद करने का फैसला उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों के साथ विचार-विमर्श के बाद सामूहिक रूप से लिया गया है। तुनाबुना ने कहा, “विभिन्न हितधारकों के साथ कई दौर की चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है कि वर्ष 2027 के पेराई सीजन से फिजी की चीनी मिलों में गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों अथवा अनुमोदित और गैर-अनुमोदित किस्मों के मिश्रण की पेराई नहीं की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि, शुगर इंडस्ट्री ट्रिब्यूनल ने इस फैसले की जानकारी किसानों को पहले ही नोटिस जारी करके दे दी थी।मंत्री के अनुसार, वर्ष 2026 के पेराई सीजन की शुरुआत से पहले भी किसानों को नई व्यवस्था के अनुरूप अनुमोदित गन्ना किस्मों की खेती की तैयारी करने की सलाह दी गई थी।उन्होंने बताया कि उत्तरी क्षेत्र में 2026 का पेराई सीजन पिछले सप्ताह समाप्त हो गया, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में यह पिछले महीने ही पूरा हो चुका है। तुनाबुना ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि नई व्यवस्था लागू होने से पहले किसानों को अपने खेतों को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here