ऑस्ट्रेलिया : सरकारी वित्तपोषित चीनी अनुसंधान संस्थान पर वेस्ट पापुआ में मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़े आरोपों के बीच सवाल

कैनबेरा : ऑस्ट्रेलियाई सरकार से वित्तपोषित चीनी अनुसंधान संस्था शुगर रिसर्च ऑस्ट्रेलिया (एसआरए) वेस्ट पापुआ में कथित मानवाधिकार उल्लंघन और बड़े पैमाने पर वनों की कटाई से जुड़े एक इंडोनेशियाई चीनी परियोजना के साथ अपने संबंधों को लेकर जांच के घेरे में आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2024 में एसआरए (जिसे उस वर्ष ऑस्ट्रेलियाई करदाताओं के धन से 94 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का वित्तीय सहयोग मिला था) ने इंडोनेशियाई कंपनी पीटी ग्लोबल पापुआ अबादी (पीटी जीपीए) को गन्ने की छह किस्में उपलब्ध कराने का समझौता किया था।

दिसंबर 2025 में ग्रीनपीस की जांच रिपोर्ट में दावा किया गया कि, इंडोनेशिया की 10 कंपनियों के एक समूह को वेस्ट पापुआ के मेराउके क्षेत्र में लगभग 5.60 लाख हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की खेती के लिए अनुमति दी गई है। रिपोर्ट में इसे “दुनिया की सबसे बड़ी वनों की कटाई परियोजना” बताया गया।स्थानीय आदिवासी समुदायों ने जून 2024 में ही इस परियोजना का औपचारिक विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के नौ विशेष प्रतिवेदकों (स्पेशल रैपोर्टियर्स) ने अक्टूबर 2024 और मार्च 2025 में इंडोनेशियाई सरकार को दो संयुक्त पत्र भेजकर आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़ी कंपनियां आदिवासी लोगों को उनकी पारंपरिक भूमि से जबरन विस्थापित कर रही हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट के मुताबिक, 12 लाख किलोलीटर चीनी उत्पादन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मेराउके के जंगलों में अतिरिक्त 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की कटाई की जा सकती है। यह क्षेत्रफल सिडनी शहर के लगभग तीन-पांचवें हिस्से और बाली द्वीप से भी बड़ा बताया गया है। संयुक्त राष्ट्र के हालिया पत्र में आरोप लगाया गया कि पीटी ग्लोबल पापुआ अबादी और उसकी सहयोगी कंपनी पीटी मुरनी नुसंतारा मंडिरी को इंडोनेशियाई सेना की सहायता से आदिवासी समुदायों की पारंपरिक भूमि पर जंगल साफ करने की अनुमति दी गई। इसमें क्विपालो कबीले की पारंपरिक भूमि पर सैन्य बटालियन मुख्यालय के निर्माण और उसी क्षेत्र में चीनी बागान विकसित करने का भी उल्लेख किया गया है।

संयुक्त राष्ट्र ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना का विरोध करने वाले समुदाय के नेताओं और पर्यावरण कार्यकर्ताओं को डराने, उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने और धमकाने की घटनाएं सामने आई हैं। उनका कहना है कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण विरोध और भोजन, पानी, स्वास्थ्य तथा स्वच्छ पर्यावरण के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। हालांकि, इंडोनेशियाई सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परियोजना सभी लागू कानूनों के अनुसार चलाई जा रही है और संबंधित भूमि को अब तक किसी पक्ष ने आधिकारिक रूप से आदिवासी भूमि घोषित करने का अनुरोध नहीं किया है।

इस बीच, वेस्ट पापुआ में कथित पर्यावरणीय नुकसान को दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री शैली की फिल्म ‘पेस्टा बाबी’ पर इंडोनेशिया में प्रतिबंध लगा दिया गया है। फिल्म में दिखाई देने वाली पर्यावरण कार्यकर्ता और मारिंड जनजाति की सदस्य यास्तिना मोइवेंड के परिवार ने आरोप लगाया कि फिल्म रिलीज होने के बाद मई में इंडोनेशियाई सेना ने उनका अपहरण कर लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि एसआरए द्वारा गन्ने की किस्में उपलब्ध कराए जाने के बाद वेस्ट पापुआ और मेराउके क्षेत्र में गन्ने के बागानों का तेजी से विस्तार हुआ। हालांकि, एसआरए ने स्पष्ट किया कि नवंबर 2024 में पीटी जीपीए के साथ उसका अनुबंध समाप्त कर दिया गया था और भविष्य में कंपनी के साथ किसी भी प्रकार के व्यावसायिक या अन्य संबंध रखने की उसकी कोई योजना नहीं है।

एसआरए ने यह भी कहा कि, समझौते के समय उसे इंडोनेशियाई सेना और पीटी जीपीए पर लगे मानवाधिकार उल्लंघन और पर्यावरणीय नुकसान के आरोपों की जानकारी नहीं थी। संस्था ने बाद में यह भी स्पष्ट किया कि उसने जो गन्ने की किस्में उपलब्ध कराई थीं, वे आनुवंशिक रूप से संशोधित (जीएम) नहीं थीं। मामला ऑस्ट्रेलियाई संसद की सीनेट समिति की सुनवाई में भी उठा, जहां कई सांसदों ने सवाल किया कि, ऑस्ट्रेलिया की एक अनुसंधान संस्था ने ऐसी विदेशी कंपनियों की मदद क्यों की, जो स्थानीय उत्पादकों की प्रतिस्पर्धी होने के साथ-साथ समान पर्यावरणीय और मानवाधिकार मानकों का पालन भी नहीं करतीं।

सुनवाई के दौरान एसआरए के पूर्व गैर-कार्यकारी निदेशक मार्क डे की भूमिका पर भी सवाल उठे। उस समय वह एसआरए के निदेशक होने के साथ-साथ पीटी जीपीए में मिल संचालन प्रमुख के पद पर भी कार्यरत थे और बाद में पूर्णकालिक रूप से उसी कंपनी में शामिल हो गए। एसआरए ने कहा कि, संभावित हितों के टकराव को देखते हुए उन्हें संबंधित निर्णयों से अलग रखा गया था और बाद में उन्होंने निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।ऑस्ट्रेलियाई सांसद डेविड शूब्रिज ने मामले में राजनीतिक जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि, ऑस्ट्रेलिया एक ओर वेस्ट पापुआ में आदिवासियों के विस्थापन और हिंसा से जुड़े मामलों में अप्रत्यक्ष रूप से योगदान नहीं दे सकता और दूसरी ओर इस मुद्दे से स्वयं को अलग भी नहीं कर सकता।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here