बरेली: किसानों की खेती की लागत कम करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (द्वारिकेश धाम), फरीदपुर ने सोमवार को बसंतकालीन गन्ना बुवाई-2026 अभियान के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान राशि के चेक वितरित किए।कार्यक्रम में उप गन्ना आयुक्त बरेली राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि तथा जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने पात्र किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान के चेक प्रदान किए और उन्हें सरकार तथा चीनी मिल द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने कहा कि, कृषि यंत्रीकरण अपनाने से खेती की लागत में कमी आएगी, श्रम और समय की बचत होगी तथा फसल की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत कृषि यंत्रों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की।द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज के इकाई प्रमुख अनिल त्यागी ने बताया कि, चीनी मिल किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि यंत्रीकरण, गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज और विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं के तहत अनुदान उपलब्ध करा रही है। उन्होंने किसानों से आगामी शरदकालीन गन्ना बुवाई का रकबा बढ़ाने और उन्नत गन्ना प्रजातियों की खेती को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
गन्ना विभागाध्यक्ष उमेश उपाध्याय ने किसानों को गन्ने की फसल को कीट एवं रोगों से सुरक्षित रखने के लिए समय पर अनुशंसित कृषि रसायनों के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने बताया कि आवश्यक एग्रोकेमिकल्स भी चीनी मिल द्वारा किसानों को अनुदानित दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में गिरीन्द्र सिंह (सचिव, बरेली), आलोक मिश्रा (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, फरीदपुर), सर्वेश शर्मा (सचिव, फरीदपुर), सुनील पुनिया (आईटी प्रमुख) सहित गन्ना विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

















