मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की गन्ना और चीनी उद्योग से जुड़ी नीतियों की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि, समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार के दौरान जहां चीनी मिलें बिक रही थीं, वहीं वर्तमान भाजपा सरकार में चीनी मिलों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की चीनी मिलें समय पर संचालित हो रही हैं। मिलों में समय पर गन्ना पेराई की जा रही है और किसानों को उनके गन्ने का भुगतान भी निर्धारित समय पर मिल रहा है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम बताया।
अपने संबोधन में चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराध का बोलबाला था और महिलाएं शाम के बाद घर से निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं। उनके अनुसार, वर्तमान भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने बिजली व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि, इस वर्ष गर्मी के मौसम में प्रदेशभर में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय केवल चुनिंदा जिलों को प्राथमिकता के आधार पर बिजली मिलती थी, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ता था।


















