इंडोनेशिया की B50 बायोफ्यूल योजना के सामने गिरते कच्चे तेल के दाम और महंगे पाम ऑयल की चुनौती

जकार्ता: इंडोनेशिया बुधवार से देशभर में B50 ईंधन मिश्रण (B50 Fuel Blend) लागू करने जा रहा है। इस मिश्रण में 50 प्रतिशत पाम ऑयल आधारित बायोडीजल और 50 प्रतिशत पारंपरिक डीजल होगा। सरकार का उद्देश्य ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करना और ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल करना है। हालांकि, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पाम ऑयल की ऊंची कीमतें इस महत्वाकांक्षी योजना के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं।

इंडोनेशिया ने पहले B40 (40 प्रतिशत बायोडीजल मिश्रण) लागू किया था। ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बाद सरकार ने जनवरी में स्थगित की गई B50 योजना को फिर से लागू करने का फैसला किया। इसका उद्देश्य आयातित डीजल की जगह घरेलू स्तर पर उत्पादित बायोडीजल का अधिक उपयोग करना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ऊर्जा मंत्री बहलिल लहदालिया ने हाल ही में कहा कि, B50 योजना लागू होने के बाद इंडोनेशिया को इस वर्ष से डीजल आयात करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि हालात अब बदल चुके हैं। जून में ब्रेंट क्रूड की कीमत लगातार तीसरे महीने गिरकर लगभग 73 डॉलर प्रति बैरल रह गई, जबकि पाम ऑयल की कीमतें बायोफ्यूल की बढ़ती मांग की उम्मीद के कारण ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। नतीजतन, जून में पाम ऑयल की कीमत डीजल की तुलना में 260 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से अधिक महंगी हो गई, जिससे B50 कार्यक्रम की आर्थिक व्यवहार्यता प्रभावित हो सकती है।

ऊर्जा शोध संस्था रिस्टैड एनर्जी के बायोफ्यूल विश्लेषक आर्यन मिथिबोरवाला ने कहा कि, अब सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि सरकार बी50 के लिए आवश्यक अधिक लागत और सब्सिडी का बोझ कितने समय तक वहन कर पाएगी। उनके अनुसार, इस नीति की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि बायोडीजल और डीजल की कीमतों के बीच अंतर कितना नियंत्रित रहता है।B50 ईंधन का उपयोग मुख्य रूप से सार्वजनिक परिवहन बसों, ट्रकों, भारी मशीनों, कृषि उपकरणों, जहाजों और डीजल आधारित बिजली संयंत्रों में किया जाएगा।

सब्सिडी पर बढ़ेगा दबाव…

इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा पाम ऑयल निर्यातक है। देश में पाम ऑयल आधारित बायोडीजल को सस्ता बनाए रखने के लिए सरकार पाम ऑयल निर्यात शुल्क से प्राप्त धन का उपयोग सब्सिडी के रूप में करती है। यह राशि इंडोनेशिया प्लांटेशन फंड (BPDP) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।बीपीडीपी के प्रमुख एडी अब्दुररहमान के अनुसार, यदि कच्चे तेल की कीमत लगभग 85 डॉलर प्रति बैरल और कच्चे पाम ऑयल (सीपीओ) की कीमत लगभग 1,000 डॉलर प्रति टन रहती है, तो वर्तमान निर्यात शुल्क बी50 कार्यक्रम का खर्च वहन करने के लिए पर्याप्त होगा।हालांकि, वर्तमान में कच्चे तेल की कीमत लगभग 72 डॉलर प्रति बैरल और पाम ऑयल की कीमत 1,100 डॉलर प्रति टन से अधिक है। ऐसे में सरकार को बायोडीजल पर अधिक सब्सिडी देनी पड़ेगी।इंस्टीट्यूट फॉर एसेंशियल सर्विसेज रिफॉर्म (IESR) के कार्यकारी निदेशक फैबी तुमीवा ने कहा कि जब तक प्लांटेशन फंड के पास पर्याप्त धन रहेगा, तब तक कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन यदि सब्सिडी के लिए फंड कम पड़ा, तो सरकार को अपने बजट से इसकी भरपाई करनी होगी।

निर्यात पर भी पड़ सकता है असर…

पाम ऑयल उत्पादकों के संगठन गैपकी (GAPKI) के अध्यक्ष एडी मार्टोनो का कहना है कि, घरेलू स्तर पर बायोडीजल की बढ़ती मांग के कारण इस वर्ष इंडोनेशिया का पाम ऑयल निर्यात घट सकता है। इससे निर्यात शुल्क के रूप में मिलने वाली आय कम होगी, जबकि बायोडीजल सब्सिडी का खर्च बढ़ जाएगा।वुड मैकेंज़ी के शोध सहयोगी बोहाओ याओ के अनुसार, बी50 लागू होने से अधिक कच्चा पाम ऑयल घरेलू उपयोग में जाएगा, जिससे निर्यात शुल्क की आय घटेगी और सब्सिडी का बोझ बढ़ेगा।

ईंधन आयात में होगी बड़ी बचत…

इंडोनेशिया के ऊर्जा मंत्रालय का अनुमान है कि B50 कार्यक्रम से इस वर्ष 157.28 ट्रिलियन रुपिया (लगभग 8.78 अरब अमेरिकी डॉलर) की ईंधन आयात बचत होगी। यदि केवल B40 लागू रहता, तो यह बचत 139.8 ट्रिलियन रुपिया तक सीमित रहती।हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू मांग बढ़ने से वैश्विक खाद्य तेल आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है और खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी आ सकती है।

इस वर्ष B40 कार्यक्रम के तहत 1.564 करोड़ किलोलीटर बायोडीजल का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। वहीं, यदि पूरे वर्ष B50 लागू रहता है तो बायोडीजल की खपत बढ़कर 2.01 करोड़ किलोलीटर तक पहुंच सकती है।विशेषज्ञों का कहना है कि, यदि पाम ऑयल का उत्पादन अपेक्षित गति से नहीं बढ़ा और घरेलू खपत बढ़ती रही, तो निर्यात घटने से इस कार्यक्रम के आर्थिक लाभ सीमित हो सकते हैं। साथ ही, ऊंची कीमतों के कारण अंतरराष्ट्रीय खरीदार अन्य देशों या वैकल्पिक खाद्य तेलों की ओर रुख कर सकते हैं।ऊर्जा मंत्री बहलिल लहदालिया ने कहा कि अमेरिका-ईरान समझौते के बाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में सुधार के संकेत मिले हैं, लेकिन इंडोनेशिया अपनी ऊर्जा नीति को लेकर सतर्क रहेगा और वर्ष के अंत तक संभावित वैश्विक अस्थिरता को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here