फिजी : ईंधन सब्सिडी से बढ़ा गन्ना कटाई समझौतों का उत्साह, ‘एमओजीए’ पर हस्ताक्षर करनेवाले किसानों की संख्या बढ़ने लगी

सुवा : सरकार द्वारा ईंधन सब्सिडी और नई कटाई एवं ढुलाई दरों की घोषणा के बाद गन्ना किसानों की मेमोरेंडम ऑफ गैंग एग्रीमेंट (MOGA) में भागीदारी बढ़ने लगी है। वर्ष 2026 के गन्ना कटाई और पेराई सत्र की शुरुआत से पहले बड़ी संख्या में किसानों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।शुगर केन ग्रोअर्स काउंसिल (SCGC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विमल दत्त ने बताया कि, तीनों चीनी मिल क्षेत्रों में एमओजीए जमा करने वाले किसानों की संख्या बढ़ी है। लौटोका मिल क्षेत्र में अब तक 16 प्रतिशत, रारावाई मिल क्षेत्र में 10 प्रतिशत और लबासा मिल क्षेत्र में 25 प्रतिशत किसानों ने अपने एमओजीए फॉर्म जमा कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि, सरकार द्वारा घोषित 50 लाख डॉलर के ईंधन सब्सिडी पैकेज और स्वीकृत कटाई एवं ढुलाई दरों की जानकारी मिलने के बाद किसानों की भागीदारी में और तेजी आने की संभावना है।विमल दत्त ने बताया कि किसानों, गन्ना कटाई श्रमिकों, परिवहन संचालकों और यांत्रिक हार्वेस्टर संचालकों को अब यह स्पष्ट हो गया है कि ईंधन सब्सिडी का वितरण किस प्रकार किया जाएगा। इससे किसानों का भरोसा बढ़ा है।उन्होंने कहा कि, फिजी प्रतिस्पर्धा एवं उपभोक्ता आयोग (FCCC) ने वर्तमान ईंधन कीमतों को ध्यान में रखते हुए नई कटाई और ढुलाई दरों को मंजूरी दे दी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विमल दत्त ने किसानों, कटाई समूहों, सहकारी समितियों और सेवा प्रदाताओं से अपील की कि वे अनुकूल मौसम का लाभ उठाते हुए समय पर कटाई कार्य शुरू करें।उन्होंने किसानों से अपने एमओजीए की बैठकें आयोजित कर कटाई की तैयारियां पूरी करने और संबंधित फिजी शुगर कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय कार्यालयों में जल्द से जल्द फॉर्म जमा करने का आग्रह किया।उन्होंने यह भी कहा कि, किसान 31 अगस्त 2026 तक कटाई और ढुलाई दरों की समीक्षा करते रहें, क्योंकि संबंधित प्राधिकरण आवश्यकता पड़ने पर इन दरों में संशोधन कर सकते हैं।

फिजी शुगर कॉरपोरेशन ने पुष्टि की है कि लौटोका, रारावाई और लबासा चीनी मिलों में गन्ना कटाई और पेराई कार्य आज से शुरू हो जाएगा।विमल दत्त ने दोहराया कि सरकार द्वारा 85 डॉलर प्रति टन गन्ने का न्यूनतम मूल्य सुनिश्चित किया गया है, जिससे वैश्विक चीनी बाजार की अनिश्चितताओं के बावजूद किसानों को आय की स्थिरता मिलेगी।उन्होंने कहा कि, 2026-27 के राष्ट्रीय बजट में सरकार ने चीनी उद्योग के लिए उर्वरक सब्सिडी, हाथ से गन्ना कटाई सहायता, कृषि यंत्रीकरण अनुदान और अन्य कृषि सहायता योजनाओं के लिए भी धन का प्रावधान किया है।

इसके अलावा, बढ़ती परिचालन लागत को कम करने के लिए 50 लाख डॉलर का ईंधन सब्सिडी पैकेज भी लागू किया गया है। इसके तहत यांत्रिक तरीके से काटे गए गन्ने पर 5 डॉलर प्रति टन और हाथ से कटाई करने वाले किसानों को 3 डॉलर प्रति टन ईंधन सब्सिडी दी जाएगी। इसका उद्देश्य श्रमिकों की कमी और बढ़ती कटाई लागत से किसानों को राहत देना है।

विमल दत्त ने कहा कि परिषद सरकार और उद्योग से जुड़े सभी पक्षों के साथ मिलकर किसानों के लिए अतिरिक्त सहायता सुनिश्चित करने और चीनी उद्योग की आय बढ़ाने के प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में ट्रामलाइन सेवाओं को फिर से शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं और इस मामले में न्यायाधिकरण के निर्णय का इंतजार है।उन्होंने सभी किसानों और उद्योग से जुड़े पक्षों से मिलकर वर्ष 2026 के गन्ना कटाई एवं पेराई सत्र को सफल बनाने का आह्वान किया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here