दरभंगा : करीब तीन दशक से बंद पड़ी मिथिलांचल की सकरी (मधुबनी) और रैयाम (दरभंगा) चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में अहम पहल शुरू हो गई है।बिहार सरकार के सहकारिता विभाग ने इन प्रस्तावित सहकारी चीनी मिलों के लिए सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत इच्छुक गन्ना उत्पादक किसान 30 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।सरकार को जून 2026 में इन दोनों चीनी मिलों के पुनरुद्धार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) सौंपे जाने के बाद अब किसानों को इस योजना से जोड़कर मिलों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है। इस पहल से मिथिलांचल के हजारों गन्ना किसानों में नई उम्मीद जगी है।
सदस्य बनने के लिए क्या हैं पात्रता की शर्तें?
सहकारिता विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता के लिए किसानों को कुछ निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी। आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। किसान संबंधित प्रस्तावित चीनी मिल के कमांड क्षेत्र का निवासी होना चाहिए। किसान वर्तमान में गन्ने की खेती कर रहा हो या अगले दो पेराई सत्रों में गन्ना उत्पादन करने का संकल्प ले।सामान्य वर्ग के किसानों के पास कम से कम एक हेक्टेयर (लगभग 2.5 एकड़) कृषि भूमि होना अनिवार्य है, जबकि आरक्षित वर्ग के किसानों के लिए न्यूनतम 50 डिसमिल भूमि की शर्त रखी गई है। एक परिवार से केवल एक सदस्य को ही समिति की सदस्यता दी जाएगी।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन…
किसान सदस्यता के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए किसान अपने स्थानीय पैक्स (PACS), प्रखंड स्तरीय आयोजक समिति अथवा विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
किसानों को मिलेगा खेती बढ़ाने का लाभ…
दरभंगा के वरीय सहकारिता पदाधिकारी हर्षवर्द्धन के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य गन्ना किसानों को दोबारा खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद सरकार के पास पंजीकृत किसानों और गन्ना क्षेत्र का सटीक आंकड़ा उपलब्ध होगा। इसके आधार पर किसानों को उन्नत गन्ना बीज, खाद, तकनीकी सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का मानना है कि, सहकारी मॉडल के जरिए सकरी और रैयाम चीनी मिलों का पुनरुद्धार न केवल गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


















