हरारे : जिम्बाब्वे सरकार द्वारा पिछले सप्ताह मंजूर की गई इस योजना का लक्ष्य वार्षिक चीनी उत्पादन को मौजूदा 4,00,000 टन से बढ़ाकर 5,00,000 टन करना भी है। कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना, प्रचार और प्रसारण सेवा मंत्री डॉ. जेमु सोडा ने कहा कि, यह रणनीति बेहतर सिंचाई बुनियादी ढांचे, किसानों के लिए सस्ती वित्तीय सहायता तक आसान पहुंच और आउटग्रोअर्स (चीनी मिलों को आपूर्ति करने के लिए अनुबंधित स्वतंत्र किसान) के समर्थन पर टिकी होगी, जिसका उद्देश्य गन्ने की पैदावार और रकबा (हेक्टेयर) दोनों को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाना है।
सोडा ने कहा कि, इस योजना का उद्देश्य 10 साल की अवधि के अंत तक जिम्बाब्वे को गन्ने और गन्ना आधारित उत्पादों का एक वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, जलवायु-अनुकूल (climate-resilient) और नवाचार-संचालित (innovation-driven) उत्पादक बनाना है। उन्होंने समझाया कि, अधिक कुशल उत्पादन प्रणालियों से प्रति इकाई लागत कम होगी और औसत बाजार कीमतों में कमी आएगी, जबकि बढ़ती प्रसंस्करण क्षमता से इथेनॉल उत्पादन और चीनी निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे पूरी मूल्य श्रृंखला में लाभप्रदता बढ़ेगी।
उन्होंने आगे कहा, 2035 तक हासिल किए जाने वाले योजना के विशिष्ट और मापने योग्य लक्ष्यों में वार्षिक इथेनॉल उत्पादन को 15.5 करोड़ लीटर से बढ़ाकर 60 करोड़ लीटर करना, बिजली उत्पादन को 23 मेगावाट से बढ़ाकर 200 मेगावाट करना और वार्षिक चीनी निर्यात को 1,00,000 टन से बढ़ाकर 2,00,000 टन करना शामिल है।”
यह रणनीति सात प्रमुख स्तंभों पर आधारित है: अनुकूल नीति, नियामक और संस्थागत ढांचा; उत्पादकता और जलवायु अनुकूलन क्षमता बढ़ाना; उत्पाद विविधीकरण को बढ़ावा देना; बाजार व व्यापार विकास और मूल्य श्रृंखला विविधीकरण; अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और नवाचार; समावेशी विकास और छोटे किसानों का विकास; तथा वित्त और निवेश।
यह योजना विस्तृत इथेनॉल उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक सह-उत्पादों (बाय-प्रोडक्ट्स) जैसे कि जैव-उर्वरक, पशु चारा, बायोप्लास्टिक और गन्ने के अवशेषों जैसे शीरा और खोई से बनने वाले अन्य डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास के माध्यम से विविधीकरण और मूल्य संवर्धन पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।


















