मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र सरकार से चीनी के न्यूनतम विक्रय मूल्य (MSP) को 31 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति किलोग्राम करने, चीनी निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटाने और चीनी आधारित एथेनॉल की खरीद का कोटा बढ़ाने की मांग की है। विधानमंडल के दोनों सदनों में हुई चर्चा का जवाब देते हुए सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि चीनी की कीमत, निर्यात नीति और एथेनॉल खरीद से जुड़े निर्णय केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसलिए राज्य सरकार ने अपनी सभी मांगें केंद्र को भेज दी हैं।उन्होंने बताया कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही इस मुद्दे को केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे।
दरअसल, चीनी मिलों में बढ़ती उत्पादन लागत और कई वर्षों से चीनी की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं होने के कारण उद्योग जगत में चिंता बढ़ रही है। नेशनल शुगर फेडरेशन ने भी केंद्र सरकार से चीनी के MSP में वृद्धि की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्ष 2019 से चीनी का न्यूनतम विक्रय मूल्य 31 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर है, जबकि इस दौरान गन्ना किसानों को मिलने वाला उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) लगातार बढ़ा है। वर्ष 2018-19 में FRP 2,750 रुपये प्रति टन था, जो 2025-26 में बढ़कर 3,550 रुपये प्रति टन हो गया है।
चीनी उद्योग ने केंद्र सरकार से चीनी निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटाने, प्रति टन 500 रुपये की सब्सिडी देने और चीनी आधारित एथेनॉल की खरीद का कोटा बढ़ाने की भी मांग की है। मिल संचालकों का कहना है कि, वर्तमान में कुल एथेनॉल खरीद का केवल 30 प्रतिशत हिस्सा ही चीनी आधारित एथेनॉल से आता है। इससे चीनी मिलों में स्थापित एथेनॉल उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा उपयोग में नहीं आ पा रहा है।गौरतलब है कि 2025-26 पेराई सत्र में महाराष्ट्र देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य रहा। इस दौरान राज्य में 1,041.58 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 99.2 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ।

















