मुरैना: कैलारस सहकारी चीनी मिल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में इंदौर में घोषणा की थी कि, कैलारस सहित प्रदेश की पांच बंद चीनी मिलों को दोबारा शुरू किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर सहकारिता विभाग ने मिल की 37.887 हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग को 60.92 करोड़ रुपये में हस्तांतरित कर दिया है। इस निर्णय को लेकर किसान संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है।बताया जा रहा है कि जिला उद्योग केंद्र ने फैक्टरी की लीज निरस्त कर पूरी भूमि शासन के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी कर दी है। किसानों का कहना है कि सरकार की घोषणाओं और विभागीय कार्रवाई में स्पष्ट विरोधाभास दिखाई दे रहा है।
इस फैसले के विरोध में कैलारस, सबलगढ़ और जौरा क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों ने 4 जुलाई को शुगर मिल परिसर में धरना देने और आगे के आंदोलन की रणनीति तय करने का निर्णय लिया है। किसानों का आरोप है कि, मिल की परिसंपत्तियों का मूल्यांकन वास्तविक कीमत से काफी कम किया गया है।जानकारी के अनुसार, 29 जून को भोपाल में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहकारिता विभाग ने बताया कि शक्कर कारखाने की 37.887 हेक्टेयर भूमि का मूल्यांकन कर उसे 60.92 करोड़ रुपये में एमएसएमई विभाग को सौंप दिया गया है।
हालांकि, इस मामले में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि मुरैना कलेक्टर द्वारा इसी भूमि का मूल्यांकन पहले 438.14 करोड़ रुपये बताया गया था। ऐसे में किसानों का आरोप है कि इतनी मूल्यवान संपत्ति को बेहद कम कीमत पर हस्तांतरित किया गया है। किसानों का दावा है कि बाजार मूल्य के हिसाब से इस जमीन की कीमत लगभग 600 करोड़ रुपये तक हो सकती है।इसी आधार पर गन्ना उत्पादक किसान इस पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त से करने और उच्च स्तरीय जांच की मांग करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जमीन का मूल्यांकन वास्तविक कीमत से लगभग 90 प्रतिशत कम किया गया है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि, चीनी मिल की 22.340 हेक्टेयर लीज भूमि को जिला उद्योग केंद्र ने निरस्त कर शासन के अधीन करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे पहले यह भूमि सहकारिता विभाग के नियंत्रण में थी। इस बीच मिल के कर्मचारियों का भुगतान भी बड़ा मुद्दा बना हुआ है।सहकारिता विभाग की अवर सचिव गायत्री पाराशर के अनुसार, जमीन हस्तांतरण से प्राप्त 60.92 करोड़ रुपये राज्य सहकारी बैंक, ग्वालियर के खातों में जमा करा दिए गए हैं। इनमें से अब तक 160 कर्मचारियों को वेतन एवं भत्तों के रूप में 5.28 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
हालांकि, मिल के कुल 619 कर्मचारियों में से करीब 350 कर्मचारियों को वर्ष 2019 से जून 2026 तक वेतन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य देयकों का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है। वहीं, गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का 80.62 लाख रुपये का बकाया भुगतान भी लंबित है।विवाद केवल जमीन तक सीमित नहीं है। कारखाने के प्लांट और मशीनरी के मूल्यांकन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग ने मशीनरी का मूल्यांकन 6.08 करोड़ रुपये किया है, जबकि वर्ष 2020 में इसकी कीमत 20 करोड़ रुपये आंकी गई थी। किसानों का आरोप है कि बढ़ती कीमतों के बावजूद मशीनरी का मूल्यांकन बेहद कम कर उसे कबाड़ के भाव बेचने की तैयारी की जा रही है।


















