महाराष्ट्र : एफआरपी बकाया मामलें में बड़ी कार्रवाई, संत एकनाथ-सचिन घायाल शुगर कंपनी की संपत्ति 8.09 करोड़ रुपये में नीलाम

छत्रपति संभाजीनगर : गन्ना किसानों का एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) बकाया नहीं चुकाने पर संत एकनाथ-सचिन घायाल शुगर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी की जब्त संपत्तियों की सार्वजनिक नीलामी कर 8 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि प्राप्त की गई। जानकारी के अनुसार, पैठण तहसील स्थित संत एकनाथ सहकारी चीनी मिल का संचालन अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर कर रही सचिन घायाल शुगर प्राइवेट लिमिटेड ने 2025-26 पेराई सत्र के दौरान खरीदे गए गन्ने का 19 करोड़ 49 लाख 27 हजार रुपये का एफआरपी भुगतान किसानों को नहीं किया था।

एफआरपी बकाया नहीं चुकाए जाने पर जिला कलेक्टर के आदेश के बाद कंपनी की चीनी, टायर सहित और बिना टायर वाली बैलगाड़ियां, ट्रैक्टर तथा शीरा (मोलासिस) को जब्त कर लिया गया था। शुक्रवार को यह जब्त संपत्ति पैठण तहसील कार्यालय में तहसीलदार ज्योति पवार और नायब तहसीलदार राहुल बनसोडे की मौजूदगी में सार्वजनिक नीलामी के लिए रखी गई। नीलामी प्रक्रिया में कुल आठ बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। नीलामी में यश कंस्ट्रक्शन सप्लायर्स, अहिल्यानगर ने सबसे अधिक बोली लगाकर संपत्तियां खरीद लीं। नीलामी में चीनी 5.37 करोड़ रुपये, टायर वाली बैलगाड़ियां 1.81 करोड़ रुपये और बिना टायर वाली बैलगाड़ियां 90.72 लाख रुपये में बिकीं। इस प्रकार कुल 8 करोड़ 9 लाख रुपये में नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई।इस दौरान विशेष लेखा परीक्षक दीपक मोरे, कंपनी के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में गन्ना किसान और श्रमिक भी मौजूद रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here