नई दिल्ली : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को घोषणा की कि, केंद्र सरकार सहकारी क्षेत्र में एक नई जीवन बीमा कंपनी स्थापित करेगी। इसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं की पहुंच वित्तीय सेवाओं तक बढ़ाना और देश में सहकारिता तंत्र को और मजबूत बनाना है। सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि नई जीवन बीमा कंपनी सहकारिता आंदोलन को डेयरी, चीनी और उर्वरक जैसे पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़ाकर बीमा और वित्तीय सेवाओं तक विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि, उर्वरक क्षेत्र की प्रमुख सहकारी संस्था इफको पहले से ही एक जापानी कंपनी के साथ संयुक्त उपक्रम के माध्यम से बीमा क्षेत्र में कार्य कर रही है। अब नई सहकारी जीवन बीमा कंपनी के गठन से इस क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। अमित शाह ने बताया कि, सरकार की भारत टैक्सी पहल को भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और अगले दो वर्षों में इसे देश के 500 शहरों तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इस बात का उदाहरण है कि सहकारी संस्थाएं अब नए-नए व्यावसायिक क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि, वर्तमान में देश में लगभग 8.5 लाख सहकारी समितियां कार्यरत हैं, जिनसे 30 करोड़ से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े सहकारी नेटवर्क में से एक है। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के बाद हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि वर्ष 2021 में मंत्रालय बनने के बाद सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने दावा किया कि, पहले की सरकारों के दौरान इस क्षेत्र की उपेक्षा हुई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसमें पारदर्शिता और पेशेवर व्यवस्था को बढ़ावा दिया है। इसके लिए देशभर की सहकारी संस्थाओं का एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस भी तैयार किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि, सहकारिता मंत्रालय राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने के लिए नहीं, बल्कि नीतियां बनाने और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में किसी भी राज्य सरकार ने मंत्रालय के हस्तक्षेप की शिकायत नहीं की है। अमित शाह ने बताया कि, सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के लिए गुजरात के आनंद में त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सहकारी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
समारोह के दौरान सरकार ने 50 हजार प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को डिजिटल रूप से ई-पैक्स (e-PACS) में परिवर्तित करने की योजना की भी घोषणा की, जिससे ग्रामीण सहकारी संस्थाओं का आधुनिकीकरण किया जाएगा।इसके अलावा कई नई सहकारी परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास भी किया गया। इनमें 75 हजार टन क्षमता वाले 135 अनाज भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 नए गोदामों का उद्घाटन, 47 नए भंडारण केंद्रों का शिलान्यास, अमूल और एनसीसीएफ की सहकार वन परियोजनाएं तथा उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) की टिश्यू कल्चर प्रयोगशालाओं की आधारशिला शामिल है।
इस अवसर पर भारतीय बीज सहकारी समिति (BBSSL) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के बीच बीज प्रणाली को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। साथ ही डेयरी सहकारी समितियों के लिए मॉडल उपविधियों और सहकारिता मंत्रालय की पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक प्रकाशन का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सहकारी क्षेत्र को नई मजबूती दी है और डेयरी उद्योग को संगठित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार की पहल की सराहना की।


















