भारत इंडोनेशिया को देगा 100 टन उच्च गुणवत्ता वाले गेहूं के बीज, खाद्य सुरक्षा को मिलेगा मजबूती: प्रधानमंत्री मोदी

जकार्ता : भारत ने क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और इंडोनेशिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इंडोनेशिया को 100 टन उच्च गुणवत्ता वाले ‘डीडब्ल्यूआर-162’ गेहूं के बीज उपलब्ध कराने की घोषणा की है। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान की गई। इस अवसर पर भारत और इंडोनेशिया ने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक सहयोग के “स्वर्णिम अध्याय” तक ले जाने का संकल्प भी व्यक्त किया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत सरकार खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष रूप से विकसित भारतीय गेहूं के बीज इंडोनेशिया को उपलब्ध कराएगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि, दोनों देशों के बीच मिड-डे मील योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सफल अनुभवों को भी साझा किया जाएगा। इसके साथ ही टिकाऊ खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, 21वीं सदी तकनीक आधारित है और दोनों देशों के युवा नवाचार और आधुनिक तकनीकों के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। भारत टिकाऊ कृषि पद्धतियों और कृषि प्रौद्योगिकी से जुड़े अपने अनुभव भी इंडोनेशिया के साथ साझा करेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इंडोनेशिया की उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण वहां गेहूं की खेती नहीं होती और देश पूरी तरह आयात पर निर्भर है। यही कारण है कि इंडोनेशिया दुनिया के सबसे बड़े गेहूं आयातकों में शामिल है। दोनों देशों ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए। इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने कहा कि यह सहयोग दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि 100 टन डीडब्ल्यूआर-162 गेहूं के बीज की आपूर्ति भारत की ओर से इंडोनेशिया की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री मोदी की इस राजकीय यात्रा के दौरान रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि, प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 20 महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए। दोनों देशों के बीच 14 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) और समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जबकि रणनीतिक, आर्थिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े छह प्रमुख घोषणाएं भी की गईं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here