बीजिंग / पेरिस : यूरोपीय संघ (EU) ने 15 सितंबर से अब तक चीन से आई चावल आधारित तीन खेपों को सीमा पर खारिज करने की अधिसूचना जारी की है। इन खेपों में जेनेटिकली मॉडिफाइड ऑर्गेनिज्म (GMO) पाए गए हैं। रैपिड अलर्ट सिस्टम फॉर फूड एंड फीड (RASFF) की अधिसूचनाओं के अनुसार, इनमें से दो खेपों को इसी महीने खारिज किया गया, जबकि तीसरी खेप के संबंध में 24 सितंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। इसके साथ ही चीन से आने वाली उन खेपों की संख्या आठ हो गई है, जिनमें GMO पाए गए हैं। इससे पहले 22 सितंबर को बिजनेसलाइन ने रिपोर्ट दी थी कि, इस साल यूरोपीय संघ को चीन से आने वाली कम से कम पांच चावल की खेपों में GMO मिले थे।
जर्मनी ने जारी कीं दो अधिसूचनाएं
RASFF की अधिसूचना के अनुसार, 11 नवंबर को चीन से आए बारबेक्यू फ्लेवर वाले राइस क्रैकर्स में अनधिकृत GMO पाए जाने के कारण सीमा पर खेप खारिज करने की अधिसूचना जारी की गई। यह अधिसूचना जर्मनी ने जारी की थी।जर्मनी ने 9 नवंबर को जारी एक अन्य अधिसूचना में बताया कि चीन से आई एक खेप में चावल के अनधिकृत जेनेटिक संशोधन का पता चला है। इससे पहले 24 सितंबर को बेल्जियम ने चीन से आए राइस केक में अनधिकृत GMO पाए जाने की सूचना दी थी। इस साल की शुरुआत में जारी अधिसूचनाओं में RASFF ने चीन से आने वाले राइस क्रैकर्स, नूडल्स और चावल के आटे की खेपों में भी GMO पाए जाने की जानकारी दी थी।
अतीत में भी सामने आ चुके हैं विवाद
चीन के चावल आधारित उत्पादों में अनधिकृत जेनेटिकली मॉडिफाइड सामग्री का पता चला है। बताया जा रहा है कि यह उन सामग्रियों के रिसाव का मामला हो सकता है, जिनका चीन पहले वैज्ञानिक परीक्षणों के तहत अध्ययन कर रहा था।अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के सेवानिवृत्त अर्थशास्त्री फ्रेड गेल ने अपने ब्लॉग Dim Sums में कहा, “चीन जीएम चावल की खेती से इनकार करता है, लेकिन अतीत में ऐसे विवाद सामने आए हैं, जब वैज्ञानिक परीक्षणों में उगाया गया जीएम चावल लीक होकर चीनी बाजार तक पहुंच गया था।”
एक व्यापारिक सूत्र के अनुसार, बीजिंग अब तक GMO युक्त चावल के वास्तविक स्रोत का पता लगाने में सफल नहीं हो पाया है। इसी वजह से निर्यात की जाने वाली खेपों में इसके अंश पाए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2002 से 2025 के बीच यूरोपीय संघ ने चीन के खाद्य निर्यात के खिलाफ GMO से संबंधित 275 से अधिक अधिसूचनाएं जारी की हैं। वहीं, 2006 से 2025 के बीच अकेले चीन के चावल आधारित उत्पादों के खिलाफ 125 से अधिक अलर्ट अधिसूचनाएं जारी की गईं।
चीन ने भी GMO के आरोप में कई देशों की खेपें लौटाईं
इन घटनाक्रमों के बीच चीन ने इस साल मार्च से कथित तौर पर GMO की मौजूदगी के आधार पर भारत से आने वाले चावल की खेपों को खारिज करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, चीन ने कजाकिस्तान, रूस, यूक्रेन, बेलारूस और जापान से आई खेपें भी वापस भेजी हैं। ये देश GMO फसलों की खेती पर प्रतिबंध लगाते हैं। आरोप था कि इन देशों से रेपसीड तेल और गेहूं का आटा भेजा गया था। आंकड़ों के मुताबिक, चीन ने जनवरी से जून के बीच रिकॉर्ड 146 खेपों को खारिज किया। यह संख्या वर्ष 2025 में खारिज की गई 38 खेपों की तुलना में लगभग चार गुना है। गौरतलब है कि GMO पाए जाने के आधार पर यूरोपीय संघ ने अब तक भारत की किसी भी खेप को खारिज नहीं किया है।


















