भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी मजबूती, मैंगलुरु में 17.5 लाख टन रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार परियोजना को ONGC बोर्ड की मंजूरी

नई दिल्ली : देश की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने बड़ा फैसला लिया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने कर्नाटक के मैंगलुरु में 17.5 लाख मीट्रिक टन (1.75 एमएमटी) क्षमता वाले रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व-एसपीआर) के विकास को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। ओएनजीसी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि, यह परियोजना पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के तहत राष्ट्रीय महत्व की परियोजना के रूप में विकसित की जाएगी। यह मैंगलुरु में पहले से मौजूद रणनीतिक भंडारण सुविधा के प्रथम चरण के विस्तार का हिस्सा होगी।

केंद्र सरकार से मांगा जाएगा नियामकीय सहयोग

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी के निदेशक मंडल ने ओएनजीसी को यह भी निर्देश दिया है कि, वह इस परियोजना के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक नियामकीय सहयोग और अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करे।भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कच्चे तेल का आयातक और उपभोक्ता देश है। देश अपनी कुल तेल आवश्यकता का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आयात के माध्यम से पूरा करता है। ऐसे में वैश्विक आपूर्ति बाधित होने या भू-राजनीतिक तनाव की स्थिति में रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

देश में पहले से मौजूद हैं रणनीतिक भंडार

वर्तमान में भारत के पास विशाखापत्तनम (13.3 लाख टन), मैंगलुरु (15 लाख टन) और पडुर (25 लाख टन) में कुल 53.3 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार मौजूद हैं, जिनका संचालन इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स लिमिटेड (आईएसपीआरएल) करता है। इसके अलावा केंद्र सरकार ओडिशा के चांदीखोल में 40 लाख टन और पाडुर में 25 लाख टन क्षमता वाले अतिरिक्त व्यावसायिक एवं रणनीतिक भंडारण केंद्रों को भी मंजूरी दे चुकी है।नई परियोजना के पूरा होने के बाद मैंगलुरु में 17.5 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त भंडारण क्षमता जुड़ जाएगी। इससे पश्चिमी तट पर स्थित यह केंद्र देश के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण केंद्रों में और अधिक मजबूत हो जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी हो रहा मजबूत…

भारत ने हाल के वर्षों में ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां भी मजबूत की हैं। मैंगलुरु स्थित भंडारण केंद्र में अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडीएनओसी) का कच्चा तेल भी समझौते के तहत संग्रहित किया जाता है। इस व्यवस्था के तहत जरूरत के समय भारत को रणनीतिक उपयोग के लिए तेल उपलब्ध कराया जा सकता है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान एडीएनओसी ने भारत में कच्चे तेल के भंडारण का विस्तार करने और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार कार्यक्रम में सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई थी।

आपातकालीन परिस्थितियों में मिलती है सुरक्षा…

रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार सरकार द्वारा नियंत्रित कच्चे तेल का ऐसा भंडार होता है, जिसका उपयोग युद्ध, प्राकृतिक आपदा, वैश्विक आपूर्ति संकट या अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी उथल-पुथल जैसी आपात स्थितियों में किया जाता है। सरकार का उद्देश्य इन भंडारों का विस्तार कर देश की ऊर्जा जरूरतों को सुरक्षित रखना और भविष्य में बढ़ती ईंधन मांग को पूरा करने की तैयारी करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here