बस्ती (उत्तर प्रदेश) : बस्ती जिले में गन्ने की खेती का रकबा लगातार घटता जा रहा है। इसकी प्रमुख वजह गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान न होना मानी जा रही है। भुगतान में देरी के कारण किसानों की पूंजी लंबे समय तक फंस जाती है, जिससे वे अब गन्ने की जगह अन्य लाभकारी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। हालिया गन्ना सर्वे के अनुसार, जिले में इस वर्ष गन्ने का कुल रकबा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत कम दर्ज किया गया है।
गन्ना विभाग के सर्वे के मुताबिक, पिछले वर्ष जिले में 65,978 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती की गई थी, जबकि इस वर्ष यह घटकर 64,051 हेक्टेयर रह गई है। यानी एक साल में करीब 1,927 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती कम हुई है। इस आंकड़े में पौधा और पेड़ी दोनों प्रकार का गन्ना शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि, पिछले दो वर्षों से जिले में गन्ने का रकबा लगातार घट रहा है, जो विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।
जिले में मुंडेरवा, रुधौली और बभनान में तीन चीनी मिलें संचालित हैं। वहीं, किसानों की सुविधा के लिए आठ गन्ना सहकारी समितियां कार्यरत हैं, जिनमें खलीलाबाद समिति भी शामिल है। ये समितियां किसानों को बीज, खाद, ऋण उपलब्ध कराने के साथ-साथ गन्ना खरीद और भुगतान की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बावजूद इसके, किसानों का बकाया भुगतान अभी भी पूरी तरह नहीं हो सका है।
गन्ना सर्वे के अनुसार, बभनान क्षेत्र में गन्ने के रकबे में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। यहां चालू सत्र में गन्ना क्षेत्र 11.21 प्रतिशत घट गया है। पिछले वर्ष जहां 35,674 हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई थी, वहीं इस वर्ष यह घटकर 32,078 हेक्टेयर रह गई है। हालांकि, विभाग का कहना है कि बभनान चीनी मिल किसानों का भुगतान समय पर कर रही है, लेकिन इसके बावजूद किसान गन्ने की खेती में कम रुचि दिखा रहे हैं।
इसके विपरीत, मुंडेरवा क्षेत्र में गन्ने का रकबा 8.30 प्रतिशत बढ़ा है। यहां पिछले वर्ष 15,560 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना था, जो इस वर्ष बढ़कर 16,884 हेक्टेयर हो गया है। इसी तरह रुधौली क्षेत्र में भी 2.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यहां गन्ने का रकबा 14,744 हेक्टेयर से बढ़कर 15,089 हेक्टेयर पहुंच गया है।
जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया ने बताया कि, गन्ना सर्वे रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिसमें जिले में लगभग 3 प्रतिशत रकबा कम होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर गन्ने का रकबा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, चीनी मिलों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों का लंबित भुगतान जल्द कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।


















