रायपुर : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 4,691 गन्ना किसानों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित कर उन्हें भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना का शेयरधारक-सदस्य बनाया। इस पहल को राज्य में सहकारी भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह फैसला उन किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है, जो वर्षों से चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति कर रहे थे, लेकिन शेयरधारक सदस्य नहीं थे। कवर्धा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि, इस पहल से किसानों की सहकारी संस्थाओं में भागीदारी बढ़ेगी, उनकी आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि, पिछले पेराई सत्र के दौरान मिल में 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। अब इस सहकारी चीनी मिल के शेयरधारक सदस्यों की संख्या बढ़कर लगभग 23 हजार हो गई है। उपमुख्यमंत्री ने किसानों से इस सीजन में गन्ने की आपूर्ति बढ़ाकर 4,50,000 मीट्रिक टन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) का समय पर भुगतान किया जाएगा, रिकवरी बेहतर होगी और भविष्य में अधिक लाभांश भी मिलेगा। साथ ही उन्होंने गन्ना बोनस बढ़ाने के लिए भी प्रयास करने का आश्वासन दिया। विजय शर्मा ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इस महीने के अंत तक जैविक प्रमाणन (ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन) से जुड़ी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके।


















