फिलीपींस में गन्ने की फसल पर कीट का बढ़ता हमला, 18,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र प्रभावित

मनीला: फिलीपींस सरकार ने गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) के तेजी से फैलते प्रकोप को रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, विसायस और मिंडानाओ क्षेत्रों में अब तक 18,000 हेक्टेयर से अधिक गन्ने के खेतों में इस कीट का प्रकोप पुष्टि हो चुका है, जबकि कुछ रिपोर्टों में प्रभावित क्षेत्र 70,000 हेक्टेयर से अधिक होने की आशंका जताई गई है।

यह कीट नेग्रोस द्वीप के लगभग 2.5 लाख हेक्टेयर में फैली गन्ना खेती के 30 प्रतिशत से अधिक हिस्से तक पहुंच चुका है। नेग्रोस फिलीपींस का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक क्षेत्र है, जो देश के कुल चीनी उत्पादन में 60 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है। बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रांतीय सरकारें और चीनी उद्योग से जुड़े संगठन संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर नियंत्रण उपाय लागू कर रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कैडिज़ सिटी के मेयर और नेग्रोस ऑक्सिडेंटल एसोसिएशन ऑफ चीफ एग्जीक्यूटिव्स के अध्यक्ष सल्वाडोर एस्कालांटे जूनियर ने बताया कि 17 जुलाई को स्थानीय निकायों की बैठक होगी, जिसमें संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियंत्रण अभियान में सिस्टमिक रसायनों का उपयोग किया जाएगा और सभी स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों के समन्वित प्रयास आवश्यक होंगे।

नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के प्रांतीय प्रशासक रेफ्रांडो डियाज द्वितीय ने बताया कि पिछले महीने राज्य में आपदा की स्थिति (स्टेट ऑफ कैलैमिटी) घोषित किए जाने के बाद तैयार किए गए एकीकृत नियंत्रण प्रोटोकॉल को राज्यपाल यूजेनियो लैक्सन की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। कार्यकारी आदेश संख्या 26-12 के तहत गठित प्रांतीय जैव सुरक्षा टास्क फोर्स ने एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसमें कीट की जीनोम सीक्वेंसिंग, स्थानीय परजीवी कीटों, शिकारी कीटों और लाभकारी फफूंद का संवर्धन तथा पूरे नियंत्रण अभियान के लिए विस्तृत बजट का प्रावधान शामिल है।

डियाज ने कहा कि, योजना को मंजूरी मिलते ही अगले सप्ताह से आवश्यक कर्मचारी, प्रयोगशालाएं और अन्य संसाधन प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिए जाएंगे। पड़ोसी प्रांत नेग्रोस ओरिएंटल के गवर्नर मैनुअल “चाको” सागरबारिया ने कहा कि इस सप्ताह प्रांतीय परिषद की बैठक में वहां भी आपदा की स्थिति घोषित किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि तान्जाय सिटी और बाइस सिटी पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं और अन्य गन्ना उत्पादक स्थानीय निकाय भी जल्द ऐसा कर सकते हैं।

नेग्रोस ओरिएंटल सरकार ने कीट नियंत्रण अभियान और प्रभावित किसानों की सहायता के लिए शुरुआती चरण में 1.5 करोड़ फिलीपीन पेसो (P15 मिलियन) का बजट प्रस्तावित किया है।यूनाइटेड शुगर प्रोड्यूसर्स फेडरेशन (UNIFED) ने भी दोनों नेग्रोस प्रांतों के स्थानीय प्रशासन के साथ बैठकें तेज कर दी हैं। संगठन एक साथ और एक बार होने वाले हवाई छिड़काव अभियान (एरियल स्प्रेइंग) की योजना पर चर्चा कर रहा है।

UNIFED के अध्यक्ष मैनुअल लामाटा ने 10 जुलाई को तालिसाय सिटी में आयोजित चीनी उद्योग सम्मेलन के दौरान कहा कि अभियान में केवल ऐसे सिस्टमिक रसायनों का उपयोग होना चाहिए जो मनुष्यों, पशुओं, फसलों और लाभकारी कीटों के लिए सुरक्षित हों।वहीं, शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के प्रशासक पाब्लो लुइस अजकोना ने गन्ना किसानों, चीनी मिलों और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बुकिडनॉन के क्वेज़ोन में आयोजित चीनी उद्योग सम्मेलन में कहा कि इस गंभीर कीट प्रकोप पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी हितधारकों का सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here