नई दिल्ली: जून 2026 में देश की खुदरा महंगाई (रिटेल इंफ्लेशन) बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो मई में 3.93 प्रतिशत थी। सोमवार को सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यह दर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए अनुमानित 4.2 प्रतिशत से भी अधिक रही।सरकार के अनुसार, महंगाई में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों, व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पादों और सोने-चांदी के आभूषणों की कीमतों में तेज वृद्धि के कारण हुई है।
खाद्य महंगाई जून में 5.32 प्रतिशत दर्ज की गई।ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 5.45 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.09 प्रतिशत रही। सब्जियों में टमाटर की कीमतों में 31.92 प्रतिशत और अदरक की कीमतों में 50.41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, चांदी के आभूषण 133.21 प्रतिशत और सोना, हीरा एवं प्लेटिनम के आभूषण 36.82 प्रतिशत महंगे हो गए।हालांकि, कुछ खाद्य वस्तुओं की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। आलू के दाम 20.34 प्रतिशत, हरी मटर 9.67 प्रतिशत और जीरा 3.75 प्रतिशत सस्ता हुआ।
ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई का असर शहरों की तुलना में अधिक रहा। जून में ग्रामीण महंगाई दर 4.74 प्रतिशत जबकि शहरी महंगाई दर 3.92 प्रतिशत रही। आवास (हाउसिंग) क्षेत्र की महंगाई अपेक्षाकृत कम 2.10 प्रतिशत रही। वहीं रेस्तरां और आवास सेवाओं की महंगाई 6.91 प्रतिशत दर्ज की गई। व्यक्तिगत देखभाल, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सेवाओं से जुड़े खर्चों में 16.72 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी हुई।इसके अलावा परिवहन क्षेत्र की महंगाई 4.31 प्रतिशत और कपड़े एवं जूते-चप्पल की महंगाई 3.23 प्रतिशत रही।
राज्यों की बात करें तो तेलंगाना में सबसे अधिक 6.36 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई। इसके बाद आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में 5.39 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 5.09 प्रतिशत तथा कर्नाटक में 4.80 प्रतिशत महंगाई रही। वहीं मिजोरम में 1.63 प्रतिशत और त्रिपुरा में 1.65 प्रतिशत के साथ सबसे कम महंगाई दर्ज की गई। मंत्रालय ने बताया कि, जून 2026 के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महंगाई से जुड़े आंकड़ों का 100 प्रतिशत संग्रह सफलतापूर्वक पूरा किया गया।अब बाजार की नजर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की अगली बैठक पर है, जिसका फैसला 5 अगस्त 2026 को घोषित किया जाएगा।


















