कुशीनगर ने गन्ना उत्पादन में बनाया नया कीर्तिमान, पूर्वांचल के 12 जिलों को छोड़ा पीछे

कुशीनगर : गन्ना उत्पादन के क्षेत्र में कुशीनगर ने पूर्वांचल के कई जिलों को पीछे छोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले की औसत गन्ना उपज 793.68 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई है, जो पूर्वांचल के 12 से अधिक जिलों से बेहतर है। हालांकि, प्रदेश का औसत गन्ना उत्पादन 825 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र, पिपराइच (गोरखपुर) के पूर्व सहायक निदेशक एवं गन्ना विकास सलाहकार ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि, वर्ष 2025-26 में जिले के 2,14,815 किसानों ने विभिन्न चीनी मिलों को गन्ने की आपूर्ति की। इसके एवज में किसानों को 1,081 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया, जिससे जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को उल्लेखनीय मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि, जलवायु परिवर्तन के वर्तमान दौर में गन्ना किसानों के लिए सबसे भरोसेमंद नकदी फसल साबित हो रही है। बेहतर उत्पादन और अधिक आय के लिए किसानों को वैज्ञानिक खेती, पेड़ी (रैटून) प्रबंधन तथा गन्ने के साथ सहफसली खेती को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि उत्पादन केवल 200 क्विंटल प्रति एकड़ रहता है, तो किसानों के लिए लागत निकालना भी कठिन हो जाता है, क्योंकि बीज, खाद, सिंचाई, कटाई और चीनी मिल तक परिवहन सहित कुल लागत 70 से 80 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। लाभ तभी संभव है, जब उत्पादन करीब 400 क्विंटल प्रति एकड़ हो और सहफसली खेती भी की जाए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी ने जिले के किसानों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए बताया कि कुशीनगर की औसत उपज गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, मऊ, बलिया, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर समेत कई जिलों से अधिक है। प्रदेश स्तर पर शामली 969 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ पहले स्थान पर है, जबकि बागपत (914 क्विंटल) दूसरे और मुजफ्फरनगर (900 क्विंटल) तीसरे स्थान पर है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here