फिलिपींस : गन्ने की फसल बचाने के लिए बायोसिक्योरिटी टास्क फोर्स अगले छह महीनों तक चलाएगी अभियान

मनिला : गन्ने की फसल पर रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल कीट (RSSI) के बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए नेग्रोस ऑक्सिडेंटल प्रांत के गवर्नर यूजेनियो जोस लैक्सन ने 24.97 मिलियन पेसो (फिलिपींस करंसी) की राशि मंजूर की है। यह राशि प्रांतीय बायोसिक्योरिटी टास्क फोर्स को अगले छह महीनों तक अभियान चलाने के लिए दी जाएगी, ताकि वर्ष 2026 की गन्ना फसल को बचाया जा सके। प्रांतीय प्रशासक रेफ्रांडो डियाज ने बताया कि, टास्क फोर्स ने इस अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है और अगले सप्ताह से खेतों में अभियान शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, यह समय के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई है और यह अभियान शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के प्रयासों को मजबूत करेगा, जो इस अभियान की प्रमुख एजेंसी है।

इस जैविक सुरक्षा अभियान के तहत खेतों का निरीक्षण, निगरानी, कीट नियंत्रण, प्रयोगशाला में जैविक एजेंटों का संवर्धन तथा वैज्ञानिक अनुसंधान एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य तत्काल कीट नियंत्रण के साथ-साथ दीर्घकालिक जैविक समाधान विकसित करना है। योजना के तहत प्रांतीय कृषि कार्यालय (OPA) को 15.57 लाख पेसो तथा प्रांतीय पशु चिकित्सा कार्यालय (PVO) को 76.29 लाख पेसो आवंटित किए गए हैं। इस राशि का उपयोग कर्मचारियों की तैनाती और कीट नियंत्रण के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण-अनुकूल जैविक कीट नियंत्रण को बढ़ावा देने के लिए 47.59 लाख पेसो जैविक नियंत्रण एजेंटों और बायो-मटेरियल्स टीम को दिए गए हैं। इस पूरे कार्यक्रम में सबसे बड़ा आवंटन CO-LAB अनुसंधान एवं विकास परियोजना को मिला है, जिसे 1.10 करोड़ पेसो दिए गए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य वैज्ञानिक समाधान विकसित करना और गन्ने की फसल का पुनर्वास करना है।

इस अनुसंधान बजट का बड़ा हिस्सा बायोकॉन लैब को मिलेगा, जिसे 64.41 लाख पेसो आवंटित किए गए हैं। यहां प्राकृतिक रूप से कीटों को नष्ट करने वाले मेटारहिज़ियम (Metarhizium) नामक फंगस के जैविक उत्पादन को बढ़ाया जाएगा।इसके अलावा बायोमैटेरियल्स लैब को 6.61 लाख पेसो दिए गए हैं, जिससे परजीवी ततैया (Parasitoid Wasps) का संवर्धन किया जाएगा। वहीं 33.17 लाख पेसो विभिन्न गन्ना किस्मों की कीट-प्रतिरोधक क्षमता का अध्ययन करने और 6.03 लाख पेसो कीटों के जीनोम सीक्वेंसिंग पर खर्च किए जाएंगे, ताकि उनकी आनुवंशिक कमजोरियों की पहचान की जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here