लखनऊ : बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (BCML) को वित्त वर्ष 2025 के लिए CARE ESG Ratings Limited (CareEdge-ESG) से 78.6 की पर्यावरण, सामाजिक और प्रशासन (ESG) रेटिंग मिली है। कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग में यह जानकारी दी। CareEdge-ESG भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के साथ पंजीकृत ESG रेटिंग प्रदाता है और ‘Issuer Pays Model’ के तहत काम करता है। कंपनी के अनुसार, यह रेटिंग BCML को ESG जोखिम प्रबंधन के क्षेत्र में ‘लीडरशिप’ श्रेणी में रखती है। यह रेटिंग कंपनी के उच्च स्तर के ESG प्रकटीकरण, नीतियों और प्रदर्शन को दर्शाती है।
कंपनी ने बताया कि, उसे CareEdge-ESG की ओर से ई-मेल के माध्यम से रेटिंग की सूचना प्राप्त हुई है। रेटिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी CareEdge-ESG और BCML, दोनों की वेबसाइटों पर उपलब्ध है। यह खुलासा SEBI (Listing Obligations and Disclosure Requirements) Regulations, 2015 के Regulation 30 के तहत किया गया है। नियामकीय सूचना पर कंपनी के सचिव एवं अनुपालन अधिकारी मनोज अग्रवाल के हस्ताक्षर हैं।बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड के शेयर बीएसई पर स्क्रिप कोड 500038 और एनएसई पर BALRAMCHIN सिंबल के तहत सूचीबद्ध हैं।


















