बाजपुर: गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग ने आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग आयुक्त निलेश सिंह मसोलिया ने की। इसमें प्रदेशभर के सहायक गन्ना आयुक्तों ने भाग लिया। बैठक में ऊधमसिंह नगर जिले में गन्ने के क्षेत्रफल में हुई वृद्धि तथा हरिद्वार और देहरादून जिलों में क्षेत्रफल में आई कमी की समीक्षा की गई। आयुक्त ने गन्ना सर्वेक्षण के दौरान होने वाली ओवरलैपिंग को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि ‘जीरो कोड’ में दर्ज गन्ने के क्षेत्रफल को संबंधित किसानों के नाम पर दर्ज किया जाए, ताकि सर्वेक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सके।बैठक के दौरान विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। इनमें खाद गोदामों को ऑनलाइन करना, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देना और गन्ने की बुवाई से पहले अधिक से अधिक किसानों की भूमि की मिट्टी की जांच कराना शामिल है।
अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गन्ना किसानों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और उन्हें आधुनिक खेती की तकनीकों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। विभाग का उद्देश्य गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है। बैठक में संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त हिमानी पाठक, प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी निलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त शैलेन्द्र सिंह, आशीष नेगी और कपिल मोहन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















