बिहार : बंदर-भालू से गन्ने की फसल बचाने का नया उपाय, चीनी मिल ने किसानों को दिया ‘नीम शेक’

नरकटियागंज : जंगल से सटे गांवों में गन्ने की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए नरकटियागंज चीनी मिल ने नई पहल शुरू की है। मिल प्रबंधन ने किसानों को पर्यावरण-अनुकूल जैव उत्पाद ‘एकसूत्र बायो इनसेक्टिसाइड (नीम शेक)’ उपलब्ध कराना शुरू किया है। मिल प्रबंधन के अनुसार, खेतों में इस जैव उत्पाद का छिड़काव करने से बंदर, भालू समेत अन्य जंगली जानवर गन्ने की फसल से दूर रहेंगे। खास बात यह है कि इसका वन्यजीवों और पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने गौनाहा प्रखंड के टहकौल गांव में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मिल प्रबंधन ने इस इको-फ्रेंडली बायो इनसेक्टिसाइड की उपलब्धता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि, इसके इस्तेमाल से गन्ने की फसल को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा और इसका प्रभाव करीब 60 दिनों तक बना रहता है। किसानों के बीच इसका वितरण भी शुरू कर दिया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कार्यपालक अध्यक्ष ने किसानों को गन्ने की फसल की कम से कम दो बार बंधाई करने की सलाह दी। इससे गन्ना जमीन पर गिरने से बचेगा और उपज के नुकसान में करीब 20 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। बंधाई के बाद गन्ने की कतारों के बीच पर्याप्त जगह बनी रहती है, जिससे लत्ती का फैलाव कम होता है और जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा भी बेहतर होती है।

उन्होंने किसानों से जल्द से जल्द गन्ना आईडी बनवाने की अपील की। इससे गन्ना उद्योग विभाग की कृषि यंत्रीकरण, गन्ना क्षेत्र विस्तार समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। प्रशिक्षण शिविर में गन्ना उप प्रबंधक प्रेम सिंह, एससीएम सत्येन्द्र राय सहित किसान हरिशंकर महतो, मुकेश राय, गोपाल काजी, श्यामनारायण महतो, पुष्पा देवी, देवनाथी देवी, मीतु देवी और वासुदेव पटवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here