नांदेड़ : नांदेड़ जिले के मरालक गांव में सोशल मीडिया रील शूट करने के दौरान पटाखे फोड़ने से लगी आग में चार एकड़ गन्ने की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मंगलवार को हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, लिम्बगांव पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कुछ युवक सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से बाहर से गांव में आए थे।
बताया जा रहा है कि, युवकों के समूह ने माणिकराव शिंदे के खेत के पास पटाखे फोड़े। पटाखों से निकली चिंगारी के कारण खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया और खड़ी गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय किसानों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, किसान माणिकराव शिंदे ने राज्य सरकार से फसल के नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने की अपील की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का पंचनामा तैयार किया है। पीटीआई के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।


















