ब्राजील : गन्ने की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो रहा अल नीनो, हालांकि बारिश से कटाई में देरी

साओ पाउलो: अल नीनो की पुष्टि और वर्ष के अंत तक इसके और मजबूत होने के पूर्वानुमान से ब्राजील के सेंटर-साउथ क्षेत्र में गन्ने के उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अधिक बारिश के कारण गन्ने की कटाई और मिलों में पेराई का काम धीमा पड़ सकता है। उद्योग विशेषज्ञों ने यह जानकारी दी।

कंसल्टेंसी कंपनी हेजप्वाइंट ने 2026-27 सीजन के लिए ब्राजील के सेंटर-साउथ क्षेत्र में गन्ना उत्पादन का अनुमान 635 मिलियन टन पर बरकरार रखा है। कंपनी के अनुसार, हाल की बारिश से कटाई में देरी जरूर हुई है, लेकिन इससे फसल की उत्पादन क्षमता पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है। हेजप्वाइंट की मार्केट इंटेलिजेंस कोऑर्डिनेटर लिविया कोडा ने कहा कि हाल की बारिश से गन्ने की पेराई में देरी हो रही है, लेकिन फसल की उत्पादन क्षमता प्रभावित नहीं हुई है। इसके विपरीत, बारिश से सीजन के अंतिम चरण में तैयार होने वाले गन्ने के विकास में मदद मिल सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

साओ पाउलो विश्वविद्यालय के लुइज डी क्विरोज कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर (ESALQ/USP) के बायोसिस्टम इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर फैबियो मारिन ने बताया कि, ब्राजील के प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्र में अल नीनो आमतौर पर गन्ने के उत्पादन के लिए अनुकूल माना जाता है, खासकर तब जब यह घटना मजबूत हो। उन्होंने कहा कि सितंबर से इसका प्रभाव और स्पष्ट हो सकता है। सामान्य से अधिक बारिश मिट्टी में नमी बढ़ाएगी और पेड़ी गन्ने की फसल के विकास में मदद करेगी। इससे मौजूदा सीजन के बाकी हिस्से के साथ-साथ 2027 की फसल के लिए भी बेहतर संभावनाएं बन रही हैं।

फैबियो मारिन ने कहा कि, इस साल काटे गए गन्ने की पेड़ी फसल को अब बेहतर नमी की स्थिति मिल रही है।इसी वजह से वह 2027 की फसल को लेकर अभी से काफी आशावादी हैं। हालांकि, लगातार बारिश से चीनी मिलों के संचालन में परेशानी आ सकती है। खेतों में कटाई मशीनों के पहुंचने में दिक्कत होने से गन्ने की आपूर्ति धीमी पड़ सकती है और पेराई में देरी हो सकती है। जून से ही इस तरह की समस्याएं देखने को मिल रही हैं।

मारिन ने यह भी कहा कि, अधिक बारिश से कुल वसूली योग्य चीनी (एटीआर) में बढ़ोतरी सीमित हो सकती है। एटीआर गन्ने में सुक्रोज की मात्रा का एक महत्वपूर्ण माप है। हालांकि चीनी की मात्रा औसत के आसपास रह सकती है, लेकिन गन्ने की अधिक पैदावार इस प्रभाव की भरपाई कर सकती है और प्रति हेक्टेयर कुल चीनी उत्पादन को समर्थन दे सकती है।इस बीच, हेजप्वाइंट ने थाईलैंड, भारत, मैक्सिको और यूरोप के कुछ हिस्सों सहित कई प्रमुख चीनी उत्पादक देशों के उत्पादन अनुमान में कमी की है। इन क्षेत्रों में अल नीनो से जुड़ी अधिक गर्मी और शुष्क मौसम के कारण 2026-27 सीजन में चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here