फिलीपींस को वित्त वर्ष 2027 के लिए अमेरिका का 1.45 लाख टन कच्ची चीनी निर्यात कोटा बरकरार

मनीला : फिलीपींस को वित्त वर्ष 2027 के लिए अमेरिका को कच्ची गन्ने की चीनी निर्यात करने का 1,45,235 मीट्रिक टन रॉ शुगर वैल्यू (MTRV) का तरजीही कोटा बरकरार रखा गया है। यह लगातार चौथा वर्ष है, जब फिलीपींस को इतनी ही मात्रा का निर्यात कोटा मिला है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक चलने वाले वित्त वर्ष के लिए अमेरिका के टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) कार्यक्रम के तहत फिलीपींस को दूसरा सबसे बड़ा देश-वार कोटा मिला है। डोमिनिकन रिपब्लिक को 1,89,343 MTRV के साथ सबसे बड़ा कोटा मिला है। वहीं, ब्राजील का कोटा 1,55,993 MTRV से घटाकर 1,00,000 MTRV कर दिया गया है। इसके बाद फिलीपींस कोटा धारक देशों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

कम शुल्क पर अमेरिका को चीनी निर्यात की सुविधा

ChiniMandi WhatsApp Channel

TRQ कार्यक्रम के तहत भाग लेने वाले देशों को निर्धारित मात्रा में कच्ची गन्ने की चीनी अमेरिका को कम टैरिफ दरों पर निर्यात करने की अनुमति मिलती है। प्रत्येक देश का कोटा उसके ऐतिहासिक निर्यात आंकड़ों और अन्य कोटा धारक देशों के साथ विचार-विमर्श के आधार पर तय किया जाता है। फिलीपींस को वित्त वर्ष 2024 से हर वर्ष 1,45,235 MTRV का कोटा आवंटित किया गया है। हालांकि, वित्त वर्ष 2026 के लिए देश ने अपने कोटे का पूरा इस्तेमाल करने पर निर्णय में देरी के बाद निर्यात प्रतिबद्धता घटाकर 1,00,000 मीट्रिक टन कर दी थी। पिछले सीजन में चीनी उत्पादन बढ़ने के बाद घरेलू भंडार कम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने अमेरिका को 1,00,000 मीट्रिक टन कच्ची चीनी निर्यात की मंजूरी दी थी।

घरेलू चीनी कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद

कृषि सचिव फ्रांसिस्को टिउ लॉरेल ने कहा कि, TRQ के तहत होने वाला निर्यात घरेलू चीनी कीमतों पर बने दबाव को कम करने में मदद करेगा। अमेरिका को निर्यात करने पर स्थानीय बाजार में बिक्री की तुलना में बेहतर कीमत मिलने की संभावना रहती है। चीनी नियामक प्रशासन (SRA) के अनुसार, जून में कच्ची चीनी की मिल-गेट कीमत सालाना आधार पर करीब 16 प्रतिशत घटकर लगभग 2,239 फिलीपीन पेसो प्रति 50 किलोग्राम बोरी रह गई। SRA के आंकड़ों के अनुसार, 5 जुलाई तक फिलीपींस अमेरिका को 98,578 मीट्रिक टन कच्ची गन्ने की चीनी का निर्यात कर चुका था।

39 देशों के लिए 10.6 लाख MTRV कोटा आवंटित

USTR ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 39 देशों के बीच कुल 10.6 लाख MTRV कच्ची गन्ने की चीनी का कोटा आवंटित किया है। वित्त वर्ष शुरू होने से पहले शेष 55,993 MTRV कोटा भी वितरित किया जाएगा। USTR ने कहा कि कोटा आवंटन विश्व व्यापार संगठन (WTO) के नियमों के तहत चीनी के मूल देश के सत्यापन और प्रमाणन संबंधी आवश्यकताओं के अधीन रहेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here