सामान्य से कम जून बारिश पर केंद्र सरकार सतर्क: सिंचाई, बीज और फसल बीमा के जरिए किसानों को मिलेगा सहारा

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में जून 2026 में सामान्य से कम हुई वर्षा के कारण खरीफ बुवाई और कृषि उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर प्रश्न उठाया गया। इसके जवाब में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि, खरीफ 2026-27 की बुवाई अभी जारी है और कृषि वर्ष (जुलाई-जून) के लिए प्रमुख खरीफ फसलों के प्रथम अग्रिम उत्पादन अनुमान अभी जारी नहीं किए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि, केंद्र सरकार ने केंद्रीय जल आयोग (CWC) और राज्य सरकारों को जलाशयों के पानी के बेहतर उपयोग के लिए अग्रिम योजना बनाने और कुशल सिंचाई तकनीकों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) – ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (PDMC) के तहत सहायता दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य माइक्रो इरिगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) प्रणाली को बढ़ावा देकर खेत स्तर पर पानी के उपयोग की दक्षता बढ़ाना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ग्रामीण विकास विभाग विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) [VBG Ram G] के तहत उपलब्ध धनराशि का उपयोग खेत तालाब, चेक डैम, नहरों की सफाई (डी-सिल्टिंग) और बोरी बंधान जैसी जल संरक्षण संरचनाओं के पुनर्जीवन के लिए कर रहा है, ताकि शुरुआती और शेष मानसूनी वर्षा की हर बूंद का संरक्षण किया जा सके।

जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं भी लागू कर रही है। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM), तिलहन मिशन तथा अन्य कृषि कार्यक्रम शामिल हैं।

सरकार ने बताया कि, 1 से 30 जून 2026 तक देशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया गया। इस अभियान के तहत 1,14,567 कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें 80.67 लाख किसानों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण, कुशल सिंचाई तकनीक और जलवायु-अनुकूल खेती को बढ़ावा दिया गया।

इसके साथ ही, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के आधार पर वर्षा की दृष्टि से संवेदनशील जिलों में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) संतृप्ति अभियान और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (DA&FW) ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (उत्तर प्रदेश सहित) को सलाह जारी की है कि वे मानसून से पहले जिला स्तर पर फसल और किस्मों के चयन की योजना बनाएं। साथ ही राष्ट्रीय बीज रिजर्व (NSR) के तहत जल्दी पकने वाली और कम अवधि वाली फसल किस्मों का राज्य स्तरीय बीज भंडार तैयार करें, आकस्मिक बीज भंडार सक्रिय रखें तथा अधिक मांग के दौरान बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता की नियमित निगरानी करें।

सरकार ने बताया कि, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश की वार्षिक कार्ययोजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (NFSNM) के बीज घटक के लिए 2,684.72 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का बजट भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया है। मंत्रालय का बजट अनुमान (BE) वर्ष 2013-14 में ₹27,622.67 करोड़ था, जिसे बढ़ाकर 2026-27 में ₹1,40,416.57 करोड़ कर दिया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here