नई दिल्ली : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, सामान्य से कम बारिश का मतलब यह जरूरी नहीं है कि खाद्य कीमतों में तेजी आएगी। खाद्य महंगाई पर बारिश का प्रभाव कुल वर्षा की कमी से अधिक इस बात पर निर्भर करता है कि अलग-अलग महीनों और राज्यों में बारिश का वितरण किस प्रकार हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, खाद्य महंगाई पर बारिश का असर सीमित रहने की संभावना है। ऐतिहासिक आंकड़ों से पता चलता है कि, कम बारिश और खाद्य कीमतों में तेज वृद्धि के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है।
रिपोर्ट में कहा गया, सिर्फ कम बारिश अपने आप में खाद्य कीमतों में वृद्धि का कारण नहीं बनती। इसका असर अलग-अलग महीनों और राज्यों में बारिश के भौगोलिक वितरण पर निर्भर करता है। SBI के अनुसार, यदि बारिश अच्छी तरह से वितरित हो, तो कुल वर्षा सामान्य से कम रहने के बावजूद कृषि उत्पादन को समर्थन मिल सकता है।
2018 का उदाहरण…
रिपोर्ट में 2018 को एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया गया है। उस वर्ष औसत से कम बारिश के बावजूद खाद्य महंगाई में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई, क्योंकि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का वितरण अपेक्षाकृत बेहतर था। रिपोर्ट में कहा गया, 2018 का वर्ष उल्लेखनीय है। औसत से कम बारिश के बावजूद खाद्य महंगाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा, क्योंकि बारिश का क्षेत्रीय वितरण बेहतर था। SBI ने 2000 से 2026 के बीच बारिश और खाद्य महंगाई के ऐतिहासिक रुझानों का भी विश्लेषण किया। रिपोर्ट में कहा गया कि अल नीनो वाले वर्षों में केवल 2009 में जून से सितंबर के दौरान खाद्य महंगाई 13.1 प्रतिशत तक पहुंची थी।
हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार उस वर्ष खाद्य महंगाई में तेज वृद्धि का कारण केवल बारिश को नहीं माना जा सकता।रिपोर्ट में कहा गया कि, 2009 में खाद्य महंगाई 13.1 प्रतिशत तक पहुंची थी। उस वर्ष कई कारकों का एक साथ प्रभाव पड़ा। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी, वेतन आयोग की सिफारिशों के लागू होने से 23.5 प्रतिशत की वेतन वृद्धि और करीब ₹60,000 करोड़ की राष्ट्रीय ऋण माफी शामिल थी। इन उपायों से कीमतों पर दबाव बढ़ा और महंगाई व्यापक रूप से फैल गई। रिपोर्ट के अनुसार, इन नीतिगत उपायों के साथ बारिश की स्थिति ने भी उस अवधि में खाद्य महंगाई में तेज वृद्धि में योगदान दिया।
ऐतिहासिक आंकड़ों से पता चलता है कि कई ऐसे वर्षों में, जब बारिश में कमी दर्ज की गई, खाद्य महंगाई अपेक्षाकृत नियंत्रित रही। वहीं, बेहतर बारिश वाले कुछ वर्षों में भी खाद्य महंगाई ऊंचे स्तर पर रही। इससे संकेत मिलता है कि खाद्य कीमतों में उतार-चढ़ाव केवल बारिश से निर्धारित नहीं होता। इस ऐतिहासिक विश्लेषण के आधार पर SBI ने कहा कि मौजूदा बारिश के पैटर्न का खाद्य महंगाई पर प्रभाव सीमित रहने की संभावना है। खाद्य कीमतों को निर्धारित करने में कुल वर्षा की कमी की तुलना में राज्यों और अलग-अलग महीनों में बारिश का वितरण अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

















