मुंबई : अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड के शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 100 प्रतिशत लाभांश (डिविडेंड) की घोषणा को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कंपनी की 12वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में दो नए स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह जानकारी मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एजीएम के बाद स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल रिपोर्ट में दी गई।
कंपनी के सह-अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक चंद्र शेखर नोपन्य की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 72 सदस्य शामिल हुए। बैठक दोपहर 12 बजे संपन्न हुई और एजीएम नोटिस में शामिल सभी प्रस्तावों को आवश्यक बहुमत से पारित कर दिया गया। मतदान प्रक्रिया रिमोट ई-वोटिंग और बैठक के दौरान मतदान के माध्यम से पूरी की गई। शेयरधारकों ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए कंपनी के ऑडिट किए गए वित्तीय विवरण, निदेशक मंडल की रिपोर्ट और लेखा परीक्षकों (ऑडिटर्स) की रिपोर्ट को मंजूरी दी। कंपनी ने बताया कि, ऑडिट रिपोर्ट में किसी प्रकार की आपत्ति, टिप्पणी या प्रतिकूल उल्लेख नहीं किया गया है।
एजीएम में शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर ₹10 के लाभांश को मंजूरी दी, जो शेयर के अंकित मूल्य का 100 प्रतिशत है। इसके अलावा, रोटेशन के आधार पर सेवानिवृत्त होने वाले निदेशक सुखवीर सिंह की पुनर्नियुक्ति को भी स्वीकृति प्रदान की गई। विशेष प्रस्तावों के तहत अमित दलाल को 12 मई 2026 से 11 मई 2031 तक पांच वर्ष की अवधि के लिए स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसी प्रकार, राहुल छाबड़ा को 15 जून 2026 से 14 जून 2031 तक पांच वर्ष के लिए स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने को भी मंजूरी मिली।
शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कॉस्ट ऑडिटर सोमनाथ मुखर्जी को देय पारिश्रमिक की भी पुष्टि की।बैठक में उपस्थित स्पीकर शेयरधारकों को अपने प्रश्न रखने का अवसर दिया गया, जिनका उत्तर अध्यक्ष ने बैठक के दौरान दिया। कंपनी ने बताया कि ई-वोटिंग के समेकित परिणाम और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट एजीएम समाप्त होने के दो कार्य दिवस के भीतर कंपनी की वेबसाइट तथा एनएसडीएल, एनएसई और बीएसई की वेबसाइटों पर प्रकाशित की जाएगी।


















