बेंगलुरु : ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी लिमिटेड ने 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (क्यू1 वित्त वर्ष 2026-27) में अपनी स्थापित एथेनॉल उत्पादन क्षमता 43 प्रतिशत बढ़ाकर 2,000 किलोलीटर प्रतिदिन (केएलपीडी) कर दी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में कंपनी की क्षमता 1,400 केएलपीडी थी। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि, यह वृद्धि उसके ग्रेन इंटीग्रेशन कार्यक्रम के पूरा होने के बाद संभव हुई।
विस्तारित क्षमता में से लगभग 1,300 केएलपीडी, यानी करीब 65 प्रतिशत क्षमता अब ड्यूल-फीड तकनीक पर आधारित है। इससे कंपनी चीनी आधारित कच्चे माल के साथ-साथ मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त अनाज से भी एथेनॉल का उत्पादन कर सकती है। कंपनी के अनुसार, इस विविधीकरण से वर्षभर लगभग लगातार एथेनॉल उत्पादन संभव हुआ है और कच्चे माल की उपलब्धता भी अधिक सुरक्षित हुई है। कंपनी ने यह भी बताया कि, अनाज आधारित एथेनॉल उत्पादन की लाभप्रदता चीनी आधारित उत्पादन की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक रही।
उत्पादन क्षमता में वृद्धि का सीधा असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया। सूचीबद्ध कंपनी के रूप में पहली बार वर्ष-दर-वर्ष पहली तिमाही के परिणामों में ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी की कुल समेकित आय लगभग दोगुनी होकर ₹641.41 करोड़ पहुंच गई, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में यह ₹326.63 करोड़ थी।कंपनी का ईबीआईटीडीए (EBITDA) तीन गुना से अधिक बढ़कर ₹132.76 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹41.54 करोड़ था। वहीं, कर पश्चात लाभ (पीएटी) 12 गुना से अधिक बढ़कर ₹59.27 करोड़ हो गया, जबकि एक वर्ष पहले यह ₹4.73 करोड़ था।
पहली तिमाही के दौरान कंपनी की क्षमता उपयोग दर 60.57 प्रतिशत रही। कंपनी का कहना है कि, मौजूदा विनिर्माण आधार पर बिना बड़े अतिरिक्त पूंजीगत निवेश के उत्पादन बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी के प्रबंध निदेशक विजय निरानी ने कहा कि, कंपनी का मोनो-फीड से ड्यूल-फीड एथेनॉल प्लेटफॉर्म की ओर संक्रमण इस मजबूत प्रदर्शन का प्रमुख कारण रहा है। इससे कंपनी को दोनों प्रकार के फीडस्टॉक से एथेनॉल उत्पादन करने की लचीलापन मिली है और लगभग पूरे वर्ष संचालन संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी का तात्कालिक फोकस मौजूदा संयंत्रों की क्षमता उपयोग दर बढ़ाने और परिचालन दक्षता में सुधार कर सतत विकास और लाभप्रदता सुनिश्चित करना है।
एथेनॉल कारोबार के अलावा कंपनी अपने संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। सुमितोमो कॉर्पोरेशन के साथ संयुक्त उद्यम के तहत चार सीबीजी संयंत्रों का निर्माण जारी है, जबकि गेल (इंडिया) लिमिटेड के साथ साझेदारी में छह अतिरिक्त संयंत्रों की तैयारी आगे बढ़ रही है। आंध्र प्रदेश में प्रस्तावित 10 करोड़ लीटर प्रतिवर्ष क्षमता वाली सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) परियोजना पर इंजीनियरिंग और वैधानिक मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। कंपनी ने बताया कि, इस परियोजना को प्रधानमंत्री जी-वन (PM JI-VAN) योजना के तहत ₹150 करोड़ का अनुदान भी प्राप्त हुआ है।
ईंधन खुदरा कारोबार के बारे में कंपनी ने कहा कि, वह वर्तमान में सात आउटलेट संचालित कर रही है और चरणबद्ध तरीके से 100 आउटलेट का नेटवर्क विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल के बाजार में अस्थिरता को देखते हुए कंपनी विस्तार के मामले में संतुलित और पूंजी अनुशासन आधारित रणनीति अपना रही है।


















