दरभंगा: जिले में नई चीनी मिलों की स्थापना की तैयारियां अब तेजी से आगे बढ़ रही हैं। गन्ना क्षेत्र का विस्तार करने और अधिक से अधिक किसानों को गन्ना उत्पादन से जोड़ने के उद्देश्य से 28 जुलाई से 2 अगस्त तक जिले की सभी पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत गन्ना किसान पंजीकरण, चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता और आधुनिक गन्ना खेती की तकनीकों की जानकारी देने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि, एक नई चीनी मिल के सफल संचालन के लिए लगभग 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ना उत्पादन आवश्यक है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गन्ने का रकबा बढ़ाने और किसानों को गन्ना खेती के प्रति आकर्षित करने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से किसानों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में गन्ना खेती के लाभ, आधुनिक उत्पादन तकनीक, बेहतर उपज के तरीके और भविष्य में चीनी मिलों से मिलने वाले रोजगार एवं आय के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक पंचायत में शिविर संचालन के लिए त्रि-सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को सौंपी गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान से जिले में गन्ना उत्पादन का दायरा बढ़ेगा और नई चीनी मिलों के संचालन के लिए आवश्यक कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।


















