इंडोनेशिया द्वारा रिफाइंड शुगर आयात पर कड़ी की निगरानी, गन्ना किसानों की सुरक्षा के लिए उठाएं सख्त कदम

जकार्ता : इंडोनेशिया सरकार ने गन्ना किसानों की सुरक्षा, चीनी उद्योग में सुधार और अगले दो वर्षों में चीनी उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लक्ष्य के तहत परिष्कृत चीनी (रिफाइंड शुगर) के आयात पर कड़े नियंत्रण लागू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सरकार ने आयातकों के लिए देश के भीतर गन्ना बागान विकसित करना अनिवार्य करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। पश्चिम जावा के बांडुंग जिले में कृषि मंत्री आंडी अमरान सुलैमान ने कहा कि, आयातित रिफाइंड चीनी केवल सीमित मात्रा में बाजार में नहीं आ रही, बल्कि उसने घरेलू बाजार को बड़े पैमाने पर भर दिया है। इससे चीनी के दाम दब गए हैं और स्थानीय गन्ना किसानों की आय पर गंभीर असर पड़ा है।

उन्होंने कहा, स्थिति यह है कि रिफाइनरी चीनी ने पूरे बाजार को भर दिया है। थोड़ी-सी भी आपूर्ति बढ़ती है तो बाजार में बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है और इसका सबसे बड़ा नुकसान गन्ना किसानों को उठाना पड़ता है। रिफाइंड चीनी की अधिक आपूर्ति का असर सरकारी चीनी कंपनियों पर भी पड़ा है। पीटी पेरकेबुनन नुसंतारा को घरेलू बाजार में अपने उत्पादों की जगह रिफाइंड चीनी आने के कारण लगभग 600 अरब इंडोनेशियाई रुपिया (करीब 3.32 करोड़ डॉलर) का नुकसान हुआ है। इसी तरह सरकारी चीनी उत्पादक कंपनी पीटी सिनर्जी गुला नुसंतारा को वर्ष 2025 में लगभग 680 अरब रुपिया (करीब 3.76 करोड़ डॉलर) का घाटा हुआ। यह जानकारी सरकारी उद्यम नियामक एजेंसी के प्रमुख डोनी ओस्कारिया ने दी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों के स्तर पर भी स्थिति चिंताजनक है। मार्च 2026 में शीरे (मोलासेस) की कीमत लगभग 1,000 रुपिया प्रति लीटर रह गई, जबकि पहले यह 1,900 रुपिया प्रति लीटर थी। यानी कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।पूर्वी जावा में गन्ना किसानों ने देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि कटाई के बाद तैयार की गई हजारों टन चीनी गोदामों में पड़ी है, क्योंकि आठ कटाई चक्रों के भुगतान के लिए 1.5 ट्रिलियन रुपिया (करीब 8.29 करोड़ डॉलर) की राशि जारी होने में देरी हो रही है। अनुमान है कि किसानों की करीब 16 लाख टन चीनी अभी तक खरीदी नहीं गई है, जिससे उन्हें 4 ट्रिलियन से 7 ट्रिलियन रुपिया (करीब 22.12 करोड़ से 38.71 करोड़ डॉलर) तक का संभावित नुकसान हो सकता है।

इस विपणन संकट के चलते देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए। मध्य जावा के ब्लोरा में इंडोनेशियाई गन्ना किसान संघ के सदस्यों ने अप्रैल और जून में रैलियों के दौरान चीनी मिलों के बाहर कटा हुआ गन्ना फेंककर प्रदर्शन किया।कृषि मंत्री अमरान ने कहा कि सरकार कृषि मंत्रालय विनियमन संख्या 98/2013 को सख्ती से लागू करेगी। इस नियम के अनुसार चीनी प्रसंस्करण कंपनियों के पास अपनी ऐसी खेती होनी चाहिए, जो उनकी कुल कच्चे माल की आवश्यकता का कम से कम 20 प्रतिशत गन्ना उपलब्ध कराए।

फिलहाल इस नियम का पालन बहुत सीमित स्तर पर हुआ है। इंडोनेशिया की 11 सक्रिय रिफाइंड चीनी उत्पादक कंपनियों में केवल एक कंपनी ने 2014 से अब तक इस शर्त का पालन किया है, जबकि बाकी 10 कंपनियां पूरी तरह आयातित कच्ची चीनी पर निर्भर हैं और उनके पास अपने गन्ना बागान नहीं हैं। अमरान ने स्पष्ट किया कि सभी निजी चीनी कंपनियों और आयातकों को घरेलू गन्ना बागान विकसित करना अनिवार्य होगा, ताकि देश में गन्ने की उपलब्धता बढ़े और स्थानीय किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा, जो कंपनियां केवल आयात पर निर्भर हैं और घरेलू बागानों के विकास में योगदान नहीं दे रही हैं, उनके लिए अब कोई छूट नहीं होगी।

संसद का भी मिला समर्थन

इस नीति को इंडोनेशिया की संसद की आयोग-6 समिति, जो व्यापार और सरकारी उद्यमों की निगरानी करती है, का भी समर्थन मिला है। अप्रैल में कृषि, व्यापार और उद्योग मंत्रालयों तथा सरकारी व्यापारिक कंपनियों के साथ हुई संयुक्त बैठक में रिफाइंड चीनी आयातकों के लिए घरेलू गन्ना बागान स्थापित करना अनिवार्य करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here