इंडोनेशिया : सरकार गन्ना, कसावा और मक्का से बायोएथेनॉल उत्पादन के हब बनाएगी

जकार्ता: इंडोनेशिया सरकार गन्ना, कसावा और मक्का जैसे कृषि उत्पादों से बायोएथेनॉल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन हब विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के साथ ऊर्जा संक्रमण में कृषि क्षेत्र की भूमिका बढ़ाना है। अंतारा न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार इस दिशा में काम कर रही है।कृषि मंत्री अंदी अमरान सुलैमान ने बताया कि, कृषि मंत्रालय 44 जिला सरकारों के प्रमुखों के साथ मिलकर संभावित उत्पादन क्षेत्रों की पहचान कर रहा है और यह आकलन किया जा रहा है कि वे बायोएथेनॉल कार्यक्रम के लिए कितने तैयार हैं।

सोमवार को जकार्ता में जिला प्रमुखों के साथ समन्वय बैठक के बाद सुलैमान ने कहा कि, इस पहल के तहत उपलब्ध भूमि का मानचित्रण किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक क्षेत्र के लिए सबसे उपयुक्त फीडस्टॉक फसल का चयन और बायोएथेनॉल उत्पादन को समर्थन देने की स्थानीय सरकारों की क्षमता का आकलन किया जाएगा। सरकार की योजना ऐसे एकीकृत उत्पादन क्षेत्र विकसित करने की है, जहां फीडस्टॉक फसलों की खेती के साथ उनके प्रसंस्करण की सुविधाएं भी उपलब्ध हों। सुलैमान के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे और कृषि आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने में जिला प्रशासन की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्रालय इंडोनेशिया के बायोएथेनॉल उद्योग के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में 20 लाख हेक्टेयर तक भूमि तैयार कर रहा है। प्रस्तावित भूमि आवंटन से बायोएथेनॉल संयंत्रों के लिए जरूरी कच्चे माल की समर्पित आपूर्ति श्रृंखला तैयार होने के साथ कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।सुलैमान ने कहा कि कार्यक्रम के लिए पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध कराने में गन्ना, कसावा और मक्का का उत्पादन बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने जोर दिया कि विश्वसनीय आपूर्ति आधार तैयार करने के लिए काम कृषि क्षेत्र यानी उत्पादन के शुरुआती स्तर से ही शुरू करना होगा।

मंत्री ने बायोएथेनॉल विकास को कृषि संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और खाद्य तथा ऊर्जा दोनों क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की सरकार की व्यापक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि, कृषि और ऊर्जा क्षेत्रों को मजबूत करने के साथ इंडोनेशिया भविष्य में वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख शक्ति बन सकता है।सुलैमान ने केंद्र सरकार और क्षेत्रीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर भी जोर दिया।

उनके अनुसार, इस तरह का सहयोग बायोएथेनॉल उद्योग के लिए लगातार कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ उत्पादन क्षेत्रों के स्थानीय समुदायों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करने में मदद करेगा। इस कार्यक्रम से इंडोनेशिया के स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने के प्रयासों में कृषि क्षेत्र की भूमिका भी बढ़ने की उम्मीद है। इससे किसानों और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं को उभरते बायोएथेनॉल उद्योग से जोड़ने का रास्ता तैयार होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here