सुल्तानपुर में एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, रिसाव के चलते 12 घंटे बंद रहा लिंक रोड

सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) : दोमुहां-सुल्तानपुर लिंक रोड पर मंगलवार देर रात एथेनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।यह हादसा छतौना गांव के पास हुआ, जिसके बाद टैंकर से ज्वलनशील एथेनॉल का रिसाव शुरू हो गया। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन करीब 12 घंटे तक सड़क पर आवागमन बंद रखा और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी। जानकारी के अनुसार, टैंकर बलरामपुर से एथेनॉल लेकर मुगलसराय जा रहा था। मंगलवार रात लगभग 1:30 बजे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैंकर सड़क किनारे जल जीवन मिशन के तहत खोदे गए गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद चालक गुरमीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी।

घटना के दौरान दोपहिया वाहन सावधानीपूर्वक दूरी बनाकर निकलते रहे, जबकि भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह रोक दिया गया। कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया। इसके बाद अग्निशमन विभाग के तीन फायर टैंकर घटनास्थल पर पहुंचे और फोम का छिड़काव कर इथेनॉल के रिसाव को नियंत्रित किया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना टल गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा किया गया। वहीं, जिला अग्निशमन अधिकारी केतन कुमार सिंह के अनुसार लगभग 12 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई। मैकेनिक द्वारा टैंकर की तकनीकी खराबी दूर करने के बाद उसे उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here