प्रयागराज: हंडिया तहसील क्षेत्र के बासुपुर में एथेनॉल से भरे एक टैंकर का टायर अचानक फट जाने से टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते उसमें से इथेनॉल का रिसाव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करते हुए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने नियंत्रण में ले लिया।
एहतियातन आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी संभावित आगजनी या अन्य दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। संबंधित विभागों और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

















