झारखंड : एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, सुरक्षा के मद्देनज़र होटल बंद, आसपास के घरों में चूल्हा नहीं जलाने के निर्देश

गिरडीह: देवरी थाना क्षेत्र के जमुआ–देवघर रोड पर नेकपुरा गांव के पास रविवार तड़के एथेनॉल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर में भरा हजारों लीटर एथेनॉल सड़क किनारे जमीन में बह गया। गनीमत रही कि अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के बावजूद आग नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। टैंकर बिहार शरीफ से लगभग 40 हजार लीटर एथेनॉल लेकर जीसीडीह जा रहा था। इसी दौरान नेकपुरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उसे चकमा दे दिया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और टैंकर मुख्य सड़क के किनारे पलट गया। हादसे में चालक सत्येंद्र यादव (ब्रह्मपुर, बक्सर) को मामूली चोटें आईं।

टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा ज्वलनशील एथेनॉल सड़क किनारे बहने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। टैंकर सड़क पर पलटने से मार्ग वन-वे हो गया और आवागमन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और एसआई उपेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आग लगने की आशंका को देखते हुए एहतियातन पुलिस की तैनाती कर दी गई। साथ ही नेकपुरा मोड़ के पास संचालित सभी लाइन होटल बंद करवा दिए गए और आसपास के घरों में चूल्हा नहीं जलाने के निर्देश दिए गए।बाद में पुलिस प्रशासन के सहयोग से अग्निशमन दल, हाइड्रा और क्रेन मंगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे पलटे टैंकर को सीधा किया गया और मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here