तमिलनाडु : सूखा और व्हाइट ग्रब कीट का प्रकोप, गन्ना फसल पर गहरा संकट

धर्मपुरी : धर्मपुरी जिले में इस सीजन गन्ने की खेती गंभीर संकट का सामना कर रही है। सामान्य से कम वर्षा और व्हाइट ग्रब (सफेद सूंडी) कीट के व्यापक प्रकोप के कारण गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे स्थानीय चीनी मिलों के लिए गन्ने की उपलब्धता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जिले में सामान्यतः लगभग 6,500 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, लेकिन सिंचाई की अपर्याप्त व्यवस्था के कारण पिछले कुछ वर्षों से इसका रकबा लगातार घट रहा है। इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की विफलता के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। किसानों का कहना है कि भीषण जल संकट के कारण फसलें सूख रही हैं, जबकि स्कारब बीटल के लार्वा यानी व्हाइट ग्रब पौधों की जड़ों को नष्ट कर रहे हैं।

कई इलाकों में खेतों की फसल पूरी तरह प्रभावित

ChiniMandi WhatsApp Channel

हरूर, पप्पिरेड्डिपट्टी और पालाकोडे क्षेत्रों के किसानों ने बताया कि, जिले के कई गन्ना खेत बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पानी की कमी से फसलें सूख जाने के बाद कुछ किसानों को खड़ी गन्ना फसल पशुओं को चारे के रूप में खिलानी पड़ रही है। किसानों के अनुसार, लगातार गर्म और शुष्क मौसम के कारण कीटों का प्रकोप तेजी से फैला है, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

सूखा-सहिष्णु और कीट-प्रतिरोधी किस्मों की मांग

किसानों ने चेतावनी दी है कि, यदि सूखा सहन करने वाली और कीट-प्रतिरोधी गन्ना किस्में उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो उन्हें पूरी फसल गंवानी पड़ सकती है। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से ₹4,000 प्रति टन मुआवजा देने की मांग भी की है। किसानों का कहना है कि वर्तमान फसल बीमा योजनाएं पर्याप्त राहत देने में विफल रही हैं।

जल भंडार समाप्त, किसान गन्ना खेती छोड़ने को मजबूर

किसानों के अनुसार, विशेष रूप से पालाकोडे क्षेत्र में जल भंडार लगभग समाप्त हो चुके हैं। यदि जल्द बारिश नहीं हुई, तो कुओं और अन्य स्रोतों से सिंचित खेत भी गंभीर संकट में आ जाएंगे। किसानों ने आशंका जताई कि यदि फसल नुकसान का सिलसिला जारी रहा, तो कई किसान गन्ना खेती पूरी तरह छोड़ने के लिए मजबूर हो सकते हैं।

चीनी मिलों ने भी स्वीकार किया सूखे का असर

सुब्रमणिया शिवा सहकारी चीनी मिल के अधिकारियों ने भी लंबे समय से जारी सूखे के प्रभाव को स्वीकार किया है। मिल की प्रबंध निदेशक आर. प्रिया ने कहा कि यदि वर्षा में सुधार नहीं हुआ, तो 1,500 हेक्टेयर से अधिक गन्ना क्षेत्र नष्ट होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि किसानों को नुकसान कम करने के लिए जल प्रबंधन संबंधी सलाह दी जा रही है।

हालांकि, पालाकोडे स्थित धर्मपुरी सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक मेघना ने कहा कि पालाकोडे क्षेत्र में सूखे का गन्ना खेती पर गंभीर असर नहीं पड़ा है और वहां फसल की वृद्धि सामान्य बनी हुई है। इन विरोधाभासी आकलनों के बीच किसान चिंतित हैं कि यदि गन्ने की उपलब्धता घटती है, तो आगामी पेराई सीजन में दोनों सहकारी चीनी मिलों के संचालन पर असर पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here