नई दिल्ली: वैश्विक तेल बाजार में स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से ओपेक+ (OPEC+) समूह ने सितंबर 2026 से प्रतिदिन 1.88 लाख बैरल (188,000 बैरल प्रति दिन) तेल उत्पादन बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के साथ समूह ने अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार को संतुलित रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है।ओपेक+ की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि सऊदी अरब, रूस, इराक, कुवैत, कजाकिस्तान, अल्जीरिया और ओमान सहित सात सदस्य देशों ने वैश्विक बाजार की मौजूदा स्थिति और भविष्य की संभावनाओं की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है।
ये वही सात देश हैं, जिन्होंने अप्रैल और नवंबर 2023 में अतिरिक्त स्वैच्छिक उत्पादन कटौती की घोषणा की थी। अब इन्हीं स्वैच्छिक कटौतियों के तहत सितंबर 2026 से 1.88 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन बढ़ाने पर सहमति बनी है।ओपेक+ के अनुसार, यह उत्पादन वृद्धि तेल बाजार में स्थिरता बनाए रखने के साथ-साथ उन देशों को पहले हुए अतिरिक्त उत्पादन की भरपाई (कंपनसेशन) की प्रक्रिया तेज करने का अवसर भी देगी।
समूह ने यह भी स्पष्ट किया कि, सभी सहभागी देश घोषणा-पत्र और अतिरिक्त स्वैच्छिक उत्पादन समायोजन का पूर्ण पालन करेंगे। इन समायोजनों की निगरानी संयुक्त मंत्रिस्तरीय निगरानी समिति द्वारा जारी रहेगी।बयान में कहा गया कि, जनवरी 2024 के बाद यदि किसी सदस्य देश ने निर्धारित सीमा से अधिक उत्पादन किया है, तो उसकी पूरी भरपाई की जाएगी। इससे उत्पादन अनुशासन बनाए रखने और बाजार में संतुलन कायम रखने में मदद मिलेगी।ओपेक+ ने यह भी घोषणा की कि वह वैश्विक तेल बाजार की स्थिति और उत्पादन नीति की समीक्षा के लिए हर महीने बैठकें आयोजित करता रहेगा। समूह की अगली बैठक 6 सितंबर 2026 को निर्धारित की गई है।


















