चीनी की मजबूत कीमतों से घट सकता है एथेनॉल के लिए गन्ने का डायवर्जन : उद्योग विशेषज्ञ

नई दिल्ली: देशभर में चीनी की कीमतों में आपूर्ति की कमी के कारण लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। डीलरों पर स्टॉक रखने की सीमा (स्टॉक होल्डिंग लिमिट) लागू करने के सरकार के फैसले के बाद कुछ समय के लिए कीमतों में नरमी आई थी, लेकिन अब चीनी के भाव फिर से मजबूत हो गए हैं। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, नए चीनी सीजन की शुरुआत तक कीमतों में तेजी बनी रह सकती है। ऐसे में चीनी की ऊंची कीमतें भविष्य में चीनी उत्पादकों को एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी या गन्ने का डायवर्जन करने से हतोत्साहित कर सकती हैं।

एथेनॉल उत्पादन आर्थिक रूप से कम लाभकारी

ChiniMandi WhatsApp Channel

ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने कहा कि, व्यावसायिक दृष्टि से चीनी मिलें एथेनॉल की तुलना में अधिक चीनी उत्पादन को प्राथमिकता दे सकती हैं। उन्होंने कहा, एथेनॉल की कीमतें लंबे समय से स्थिर हैं, जबकि 2022-23 में एथेनॉल कीमतों में अंतिम संशोधन के बाद से गन्ने की कीमतों में लगभग 16 प्रतिशत वृद्धि हो चुकी है। ऐसे में चीनी मिलों के लिए एथेनॉल उत्पादन आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं रह गया है। इसके अलावा, इस वर्ष चीनी का भंडार भी कम है, जिससे चीनी की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं। मौजूदा एथेनॉल कीमतों पर एथेनॉल उत्पादन और भी कम लाभकारी हो जाएगा।

केवल सी-हेवी शीरे से हो सकता है एथेनॉल उत्पादन

विजेंद्र सिंह ने कहा कि, यदि गन्ना, चीनी और एथेनॉल की वर्तमान कीमतें बनी रहती हैं, तो उद्योग गन्ने के रस और बी-हेवी शीरे से एथेनॉल का उत्पादन नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में एथेनॉल का उत्पादन केवल सी-हेवी शीरे से किया जाएगा।उन्होंने कहा, एक एथेनॉल उत्पादक के रूप में हम वर्तमान स्थिति को लेकर चिंतित हैं। यदि अतिरिक्त चीनी उत्पादन होता है, तो लंबे समय में चीनी की कीमतों पर दबाव आ सकता है। सामान्यतः चीनी उद्योग हर वर्ष 25 से 35 लाख टन चीनी का डायवर्जन एथेनॉल उत्पादन के लिए करता है। यदि यह डायवर्जन बंद हो गया, तो बाजार में चीनी का उत्पादन और बढ़ जाएगा।

सरकार से एथेनॉल कीमत बढ़ाने की मांग

विजेंद्र सिंह ने कहा कि, उनका संगठन सरकार से एथेनॉल की कीमत बढ़ाने की मांग जारी रखेगा। उन्होंने कहा, दीर्घकालिक नीति के रूप में अतिरिक्त चीनी से एथेनॉल का उत्पादन जारी रहना चाहिए। यह नीति पहले ही अपनी उपयोगिता साबित कर चुकी है, जिससे गन्ना किसानों और चीनी उद्योग दोनों को लाभ हुआ है।

ESY 2026-27 में डायवर्जन घटने की संभावना

फ्यूलब्रेन्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. दीपक देसाई ने कहा, चीनी की मौजूदा कीमतों के रुझान को देखते हुए हमें ESY 2026-27 (एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27) में एथेनॉल के लिए चीनी का कम डायवर्जन होने की उम्मीद है। चीनी मिलें एथेनॉल की बजाय चीनी उत्पादन को प्राथमिकता देंगी और विशेष रूप से गन्ने के रस आधारित एथेनॉल उत्पादन से दूरी बनाए रखेंगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here