नई दिल्ली : सरकार ने राज्यसभा में कहा कि, घरेलू स्तर पर उत्पादित एथेनॉल ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के दौरान वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी से भारतीय उपभोक्ताओं को काफी हद तक बचाने का काम किया।सरकार के अनुसार, फरवरी 2026 के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 70-80 प्रतिशत तक उछाल आया, जबकि भारत में पेट्रोल की कीमतों में केवल लगभग 7-8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा सदस्य पी. विल्सन के एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि, संकट के चरम पर भारतीय कच्चे तेल की औसत कीमत लगभग 135 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। ऐसी स्थिति में बाजार परिस्थितियों के अनुसार पेट्रोल की कीमत लगभग 125 रुपये प्रति लीटर तक जा सकती थी, लेकिन दिल्ली में उपभोक्ताओं को पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध रहा। उन्होंने कहा कि, यह आंशिक रूप से इसलिए संभव हुआ क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) लगभग 70 रुपये प्रति लीटर की दर से एथेनॉल खरीदने में सक्षम थीं। आयातित पेट्रोल के एक हिस्से को घरेलू एथेनॉल से प्रतिस्थापित करने के कारण देश की कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और मुद्रा विनिमय दरों पर निर्भरता कम हुई।
देशभर में दिसंबर 2025 से लागू है E20 मिश्रण
सरकार ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने E20 लक्ष्य हासिल कर लिया है और दिसंबर 2025 से देशभर में पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (E20) लगातार किया जा रहा है। वाहनों पर E20 मिश्रण के प्रभाव के बारे में मंत्री ने कहा कि ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई), सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम और वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए प्रयोगशाला परीक्षणों और वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षणों में कोई महत्वपूर्ण घिसावट या प्रदर्शन संबंधी समस्या नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों से 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें E19-E20 मिश्रित ईंधन पर चल रही हैं। E10 ईंधन के लिए मूल रूप से डिजाइन किए गए वाहनों में माइलेज में 3-5 प्रतिशत तक की मामूली कमी देखी गई, जो ईंधन के प्रकार की तुलना में ड्राइविंग शैली, वाहन रखरखाव और टायर के दबाव पर अधिक निर्भर करती है।
देश में 478 एथेनॉल डिस्टिलरी, महाराष्ट्र सबसे आगे…
सरकार ने खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग से प्राप्त राज्यवार आंकड़े भी साझा किए। देश में वर्तमान में 478 एथेनॉल डिस्टिलरी संचालित हैं, जिनकी संयुक्त वार्षिक उत्पादन क्षमता 2,019 करोड़ लीटर है। महाराष्ट्र 145 इकाइयों और 389 करोड़ लीटर क्षमता के साथ देश में पहले स्थान पर है। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 79 इकाइयां और 344 करोड़ लीटर क्षमता, तथा कर्नाटक में 50 इकाइयां और 321 करोड़ लीटर क्षमता है।
एथेनॉल उद्योग को सरकार की कई रियायतें
सरकार ने बताया कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के तहत एथेनॉल पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। साथ ही, एथेनॉल खरीद के लिए प्रशासनिक मूल्य निर्धारण प्रणाली लागू की गई है और तेल विपणन कंपनियों तथा समर्पित इथेनॉल संयंत्रों के बीच दीर्घकालिक खरीद समझौते किए गए हैं। 2022 में संशोधित राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति के तहत एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल के दायरे का विस्तार किया गया है, जिसमें क्षतिग्रस्त खाद्यान्न, टूटा चावल और कृषि अवशेष भी शामिल किए गए हैं।
2018 से 2025 के बीच 4,687 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर
सरकार ने बताया कि, 2018 से 2025 के बीच अधिसूचित विभिन्न एथेनॉल ब्याज सहायता योजनाओं के तहत डिस्टिलरी स्थापित करने या उनका विस्तार करने के लिए लिए गए ऋण पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहायता, या बैंक की ऋण दर का आधा (जो भी कम हो), प्रदान करने हेतु कुल 4,687 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान को मंजूरी दी गई है।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने वित्त वर्ष 2023 से 2026 के बीच इस योजना के तहत 1,775 करोड़ रुपये जारी और उपयोग किए हैं तथा चालू वित्त वर्ष में भी धनराशि का वितरण जारी है। सरकार ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री जी-वान योजना के तहत लिग्नोसेलुलोसिक बायोमास आधारित उन्नत जैव ईंधन परियोजनाओं के लिए प्रत्येक वाणिज्यिक स्तर की परियोजना को अधिकतम 150 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।


















