नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने बुधवार को अपनी तीन दिवसीय बैठक के बाद रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का निर्णय लिया। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपनी ‘तटस्थ’ (न्यूट्रल) नीति भी बरकरार रखी है। आरबीआई ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून, एल नीनो, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार नीतियों से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण मुद्रास्फीति की दिशा को लेकर अभी और स्पष्टता की आवश्यकता है।
स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (एसडीएफ) दर 5.0 प्रतिशत
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा द्वारा जारी मौद्रिक नीति वक्तव्य के अनुसार, स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (एसडीएफ) दर 5.0 प्रतिशत, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (एमएसएफ) दर और बैंक दर 5.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखी गई है। गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि, प्रमुख मुद्रास्फीति (हेडलाइन इंफ्लेशन) में बढ़ोतरी की संभावना है, जिसका मुख्य कारण खाद्य और ईंधन से जुड़े आपूर्ति पक्ष के दबाव हैं। हालांकि, कोर मुद्रास्फीति अभी भी नियंत्रित है और तीसरी तिमाही में चरम पर पहुंचने के बाद इसमें कमी आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि, किसी भी नीतिगत बदलाव से पहले मुद्रास्फीति की दिशा और उसके घटकों को लेकर अधिक स्पष्टता आवश्यक है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मुद्रास्फीति अनुमान घटाया
आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति का अनुमान 5.0 प्रतिशत रखा है, जो पहले के अनुमान से 10 आधार अंक (बेसिस पॉइंट) कम है। तिमाहीवार अनुमान इस प्रकार हैं: पहली तिमाही: 5.3 प्रतिशत, दूसरी तिमाही: 4.7 प्रतिशत, तीसरी तिमाही: 5.9 प्रतिशत, चौथी तिमाही: 5.5 प्रतिशत. पूरे वित्त वर्ष के लिए कोर मुद्रास्फीति का अनुमान 4.3 प्रतिशत रखा गया है। गवर्नर ने कहा कि, बहुमूल्य धातुओं को छोड़कर कोर मुद्रास्फीति का स्तर सामान्य कोर मुद्रास्फीति से कम रहने की संभावना है, हालांकि वित्त वर्ष के अंत तक दोनों के बीच अंतर कम हो सकता है।
जून में खाद्य और ईंधन कीमतों ने बढ़ाई महंगाई
मल्होत्रा ने बताया कि, जून में मुद्रास्फीति में वृद्धि का प्रमुख कारण खाद्य और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी रही। इसके बावजूद, खाद्य और ईंधन को छोड़कर कोर मुद्रास्फीति मई और जून दोनों महीनों में 3.9 प्रतिशत पर स्थिर रही।
एल नीनो और वैश्विक तेल कीमतें बड़ी चिंता
आरबीआई ने कहा कि एल नीनो के कारण वर्षा के समय और भौगोलिक वितरण पर प्रभाव अभी भी एक बड़ा जोखिम बना हुआ है। साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जिससे निकट अवधि में मुद्रास्फीति का अनुमान और अधिक अनिश्चित हो गया है। केंद्रीय बैंक ने चेतावनी दी कि खाद्य, ईंधन और अन्य इनपुट लागतों में वृद्धि का दूसरा दौर व्यापक महंगाई को और बढ़ा सकता है।
बैंकिंग प्रणाली में तरलता सुधरने की उम्मीद
तरलता की स्थिति पर गवर्नर ने कहा कि मानसून के दौरान प्रचलन में मुद्रा की सामान्य वापसी, सरकार के नकद भंडार में कमी और पूंजी प्रवाह आकर्षित करने के लिए आरबीआई द्वारा उठाए गए विशेष कदम निकट अवधि में बैंकिंग प्रणाली की तरलता को बेहतर बनाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि, जुलाई में कमर्शियल पेपर और सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट जैसी अल्पकालिक मुद्रा बाजार दरों में नरमी देखी गई।
कृषि पर मानसून की अनिश्चितता का असर
कृषि क्षेत्र के बारे में गवर्नर ने कहा कि एल नीनो की स्थिति में दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और असमान वर्षा के कारण कृषि का परिदृश्य अभी भी अनिश्चित है। हालांकि, जलाशयों का जल स्तर सामान्य के करीब है। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण, कम अवधि वाली और जलवायु-अनुकूल फसलों को बढ़ावा, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन जैसी सरकारी पहलें कम वर्षा के प्रभाव को कम करने में मदद करेंगी।
विनिर्माण क्षेत्र पर लागत दबाव संभव
मल्होत्रा ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र पर लागत का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के बढ़ते विविधीकरण से इसका असर कुछ हद तक कम हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जून 2026 के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न आपूर्ति संबंधी दबाव कुछ कम हुए थे, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह से तनाव दोबारा बढ़ने के कारण ऊर्जा कीमतों में अस्थिरता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को लेकर अनिश्चितता फिर बढ़ गई है।


















