इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12% ब्याज पर जारी गन्ना बकाया वसूली प्रमाणपत्रों पर जताई सख्त नाराज़गी, पूर्व गन्ना आयुक्तों के नाम तलब

लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने गन्ना बकाया वसूली प्रमाणपत्रों पर 15% के बजाय 12% ब्याज लगाए जाने के मामले में गंभीर रुख अपनाया है। अदालत ने कहा कि, यह प्रथम दृष्टया उसके पूर्व आदेश की अवमानना प्रतीत होती है और इसे न्यायालय की अवमानना का मामला माना जा सकता है। न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश गन्ना (आपूर्ति एवं क्रय विनियमन) अधिनियम, 1953 की धारा 17(3) के तहत 2 दिसंबर 2021 के बाद वसूली प्रमाणपत्र जारी कराने वाले सभी गन्ना आयुक्तों के नाम तलब किए हैं। यह आदेश वर्ष 2006 में किसान मजदूर संगठन के संयोजक वी.एम. सिंह द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

अदालत ने कहा कि, 23 दिसंबर 2021 के अपने फैसले में 15% ब्याज के साथ भुगतान का स्पष्ट निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद 12% ब्याज वाले वसूली प्रमाणपत्र जारी किए गए। अदालत ने यह भी कहा कि वह इस बात की जांच करेगी कि कम ब्याज दर लागू करने से चीनी मिलों को अनुचित आर्थिक लाभ हुआ या किसानों को किसी संभावित मिलीभगत के कारण नुकसान पहुंचा। सुनवाई के दौरान गन्ना आयुक्त ने स्वीकार किया कि 12% ब्याज के साथ वसूली प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। उन्होंने अदालत को बताया कि, 30 जुलाई 2026 को आदेश जारी कर इन प्रमाणपत्रों को अदालत के निर्देशानुसार 15% ब्याज के अनुरूप संशोधित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हाईकोर्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गन्ना बकाया की वसूली 15% ब्याज सहित सुनिश्चित की जाए। साथ ही अगली सुनवाई में अब तक की गई वसूली और किसानों को देय अतिरिक्त भुगतान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। अदालत ने पिछले तीन वर्षों के गन्ना बकाया, निर्धारित 14 दिन की अवधि के भीतर किए गए भुगतान, विलंबित भुगतान, ऐसे विलंब पर देय ब्याज और लंबित वसूली प्रमाणपत्रों का पूरा विवरण भी मांगा है।

गन्ना आयुक्त ने अदालत को बताया कि, 2023-24 सत्र से विलंबित भुगतानों का डेटा डिजिटाइज किया जा चुका है। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि भविष्य में रिकॉर्ड उपलब्ध न होने को किसी भी स्थिति में बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 31 अगस्त को होगी, जिसमें गन्ना आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष उपस्थित होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here