महाराष्ट्र की 19 बंद सहकारी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की दिशा में केंद्र सरकार का बड़ा कदम, राज्य से मांगी विस्तृत वित्तीय जानकारी

पुणे: महाराष्ट्र के सहकारी क्षेत्र को पुनर्जीवित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य की 19 बंद पड़ी सहकारी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इस पहल के तहत केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार से इन बंद मिलों की वर्तमान वित्तीय स्थिति, परिसंपत्तियों (एसेट्स), बकाया ऋण और देनदारियों का विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा है।

‘सरकारनामा’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, राज्य सरकार से पूरी जानकारी मिलने के बाद प्रत्येक चीनी मिल की बैलेंस शीट का अलग-अलग मूल्यांकन किया जाएगा। इस आकलन के आधार पर मिलों को पुनर्निवेश, प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता या सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से पुनः संचालित करने की योजना बनाई जाएगी। इस पुनरुद्धार अभियान में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) के साथ-साथ अमूल और इफको जैसी प्रमुख सहकारी संस्थाओं को भी शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किस संभाग में कितनी मिलें बंद…

महाराष्ट्र में वर्तमान में 210 चीनी मिलें हैं, जिनमें से 19 सहकारी चीनी मिलें गंभीर वित्तीय संकट के कारण वर्षों से बंद पड़ी हैं। सोलापुर संभाग में सबसे अधिक 5 मिलें बंद हैं — संतनाथ, श्री स्वामी समर्थ, शिवशक्ति, श्री आदिनाथ और श्री मकाई सहकारी चीनी मिल। नांदेड़ संभाग में गोदावरी मानार और जय जवान जय किसान मिलें बंद हैं। सांगली संभाग में महाकाली और माणगंगा मिलें बंद पड़ी हैं। अहिल्यानगर संभाग में डॉ. बाबूराव तनपुरे और वसंतरावदादा पाटिल चीनी मिलों को बैंकों द्वारा परिसंपत्तियां जब्त किए जाने के बाद बंद करना पड़ा।

पुणे संभाग की मिलों पर भारी कर्ज का बोझ

पुणे संभाग की कई मिलों पर करोड़ों रुपये का ऋण और सरकारी बकाया है।भोर तालुका स्थित राजगढ़ सहकारी चीनी मिल पर सरकारी अंशपूंजी के 752.45 लाख रुपये, गारंटी शुल्क के 123.28 लाख रुपये, ओएमबी ऋण के 272.22 लाख रुपये तथा एनसीडीसी के 4,500 लाख रुपये का कर्ज बकाया है। शिरूर की आर.पी. घोड़गंगा चीनी मिल पर 543 लाख रुपये का ऋण है और यह राज्य सहकारी बैंक के पास गिरवी रखी गई है।थेऊर स्थित यशवंत चीनी मिल पर सरकारी बकाया 3,141.58 लाख रुपये है, जिसके चलते राज्य सहकारी बैंक ने मिल को सील कर दिया था।

इन मिलों के वर्षों से बंद रहने के कारण गन्ना किसानों, मिल श्रमिकों और परिवहन कारोबारियों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। केंद्र सरकार की इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को राहत मिलने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने और सहकारी चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here